चुनार। दिल्ली हावड़ा मुख्य रेल मार्ग पर स्थित चुनार जंक्शन का शनिवार को एडीआरएम जनरल अनुराग अग्रवाल ने निरीक्षण किया। एडीआरएम ने प्लेटफार्म, प्रतीक्षालय आदि का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की जानकारी लिया। गर्मी को देखते हुए प्रतीक्षालय में एससी लगवाने का निर्देश दिया। वह सुबह इलाहाबाद से पुरुषोत्तम एक्सप्रेस में विंध्याचल और मिर्जापुर रेलवे स्टेशन का विंडो निरीक्षण करते हुए सुबह साढ़े नौ बजे चुनार रेलवे स्टेशन पहुंचे।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने प्लेटफार्म नंबर एक व दो पर मौजूद यात्रियों के बैठने व पेयजल आदि सुविधाओं को देखा। इसके बाद वह प्लेटफार्म नंबर एक पर स्थित उच्च श्रेणी महिला-पुरुष यात्री प्रतीक्षालय में जाकर निरीक्षण किया। निरीक्षण के बाद उन्होंने प्रतीक्षालय में एसी लगवाए जाने का निर्देश दिया। इसके बाद उन्होंने स्टेशन मास्टर कार्यालय, पैनल रूम व प्रवेश द्वार पर ट्रेन की स्थिति जानने के लिए लगाए कम्प्यूटरीकृत बोर्ड को देखा। इस दौरान उन्होंने स्टेशन अधीक्षक से यार्ड के बारे में भी जानकारी ली। आधे घंटे निरीक्षण करने के बाद वह 10 बजे फैक्ट्री साइड चले गए। निरीक्षण के दौरान उनके साथ डीईएन सुजीत कुमार, स्थानीय रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी, स्टेशन अधीक्षक अजय श्रीवास्तव आदि रहे। निरीक्षण के बाद एडीआरएम महानगरी ट्रेन से वापस इलाहाबाद के लिए लौट गए।