जिगना थाना क्षेत्र के चतुरियां गांव का मामला
शार्टसर्किट मड़हे में से लगी आग, चार लोग झुलसे
जिगना थाना क्षेत्र के चतुरियां गांव का मामला
अमर उजाला ब्यूरो
जिगना। थाना क्षेत्र के चतुरिया गांव में बुधवार की दोपहर शार्ट सर्किट से मड़हे में लगी आग से दो मवेशियों की जलकर मौत हो गई और आग बुझाने में परिवार के चार लोग झुलस गए। ग्रामीणों और फायर ब्रिगेड ने आग पर काबू पाया गया। झुलसे लोगों को पीएचसी ले जाया गया। जहां हालत गंभीर होने पर एक को मंडलीय अस्पताल रेफर कर दिया गया।
क्षेत्र निवासी भोला पाल के मड़हे में दोपहर में शार्ट सर्किट से आग लग गई। आग लगने से मड़हे में बंधी तीन भैंस झुलसने लगी। इसमें दो की जलकर मौत हो गई। मवेशियों के मड़हे के बाद आग ने कच्चे मकान को भी अपनी जद में ले लिया। भैंस को बचाने व आग बुझाने में 56 वर्षीय भोला पाल, उनकी पत्नी 50 वर्षीय विंदेश्वरी देवी, पुत्र 32 वर्षीय राम कैलाश, 18 वर्षीय पुत्री पूजा झुलस गई। मौके पर जुटे ग्रामीण फायर बिग्रेड का सूचना देने के साथ आग बुझाने में जुट गए। सूचना पर फायर बिग्रेड भी मौके पर पहुंची। आग से मकान में रखा 20 हजार नकदी, अनाज व अन्य सामान जलकर राख हो गया। झुलसे लोगों को उपचार के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सरोई पहुंचाया गया। जहां हालत गंभीर होने पर भोला पाल को मंडलीय अस्पताल रेफर कर दिया गया। अन्य का निजी अस्पताल में उपचार कराया गया।