मिर्जापुर। एएसजे इंटर कालेज में मंगलवार को उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ की मंडलीय बैठक में शिक्षक विधायक चेतनारायण सिंह ने कहा कि नई पेंशन स्कीम के लिए धन आवंटित कर दिया गया है। इस बैठक में तीनों जिलों के संगठन के अध्यक्ष व मंत्री शामिल हुए।
मुख्य अतिथि शिक्षक विधायक चेतनारायण सिंह ने कहा वित्तविहीन शिक्षकों को देय- मानदेय की प्रक्रिया आचार संहिता समाप्त होने के बाद अब शुरू होगी। उन्होंने संगठन को मजबूत बनाने के लिए टिप्स दिए। प्रदेश मंत्री राजेंद्र तिवारी ने कहा कि शिक्षकों के पास संघर्ष और शिक्षक समस्या का समाधान ही संगठन को मजबूत बनाने का विकल्प है। प्रदेश उपाध्यक्ष रमेश सिंह ने कहा कि सदस्यता बढ़ाने के लिए हमे वित्तविहीन शिक्षकों के पास जाना होगा। राकेश सिंह ने तीनों जिलों के अध्यक्ष व मंत्री को सक्रिय होने के लिए कहा। इसके बाद सभी शिक्षक जिला विद्यालय निरीक्षक से मिले और समस्याओं से उनको अवगत कराया। डीआइओएस ने कार्रवाई का आश्वासन दिया। साथ ही कहा कि चूड़ामणि त्रिपाठी की पदोन्नति पत्रावली पर आदेश पारित किया जाएगा। अध्यक्षता विरेंद्र बहादुर सिंह व संचालन विनय सिंह ने किया। इस अवसर पर अरविंद सिंह पटेल, प्रवीण सिंह, कपूर चंद केसरवानी, पंकज सिंह, सागर लाल सोनकर, नरेंद्र श्रीवास्तव, श्रीष श्रीवास्तव, इश्तियाक अहमद, उपेंद्र नारायण सिंह, महेश पांडेय, इंद्रकुमार जायसवाल आदि थे।