मिर्जापुर। लोकसभा चुनाव का परिणाम आने में चंद घंटे बाकी हैं। ऐसे में विभिन्न राजनैतिक दलों के समर्थक जीत का जश्न मनाने के लिए लड्डू, माला व गजरा बनाने के लिए दिए दुकानदारों को आर्डर फाइनल कर चुके हैं। गुरुवार व शुक्रवार को सभी दलो के कार्यकर्ताओं में जीत का जश्न मनाने का जोश बुधवार को ही दिखाई दे रहा है। किसी भी दल के कार्यकर्ता अपने दलों के प्रत्याशी की पराजय मनाने को तैयार नही है। जबकि गुरुवार को किसी एक ही दल के प्रत्याशी के सर जीत का सेहरा बंधेगा जो मिर्जापुर का सांसद चुना जाएगा।
जिस दल का सांसद चुना जाएगा उस दल में जश्न का माहौल तो रहेगा। तो अन्य पार्टियों के खेमे में गम का माहौल रहेगा। इलाके के कार्यकर्ताओं में जीत की खुशी मनाने की तैयारी जोरों पर चल रही हैं। लोगों का कहना है कि जश्न तो मनेगा लेकिन बैंड बाजो की धुन पर कौन थिरकेगा यह किसी को खबर नहीं है। फूल, माला और मिठाई का आर्डर दुकानदार आसानी से ले तो रहें है। लेकिन बैंड बाजा व नगाड़ा पार्टी के लोग कह रहे हैं कि लगन व शादी में पहले से ही बुकिंग हो चुकी हैं। जिसके चलते कार्यकर्ताओं को इसके लिए थोड़ी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।