लालगंज। थाना क्षेत्र के राष्ट्रीय राजमार्ग सात पर तेंदुई गांव के सामने सोमवार की सुबह तेज रफ्तार डंपर ने बाइक सवार को कुचल दिया। इससे बाइक सवार युवक आलोक मौर्य की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक डंपर लेकर भाग गया। हादसे से आक्रोशित स्थानीय लोगों ने सड़क पर जाम कर दिया। पुलिस के समझाने पर परिवारीजन ने आधा घंटे बाद जाम समाप्त किया। मौके पर पहुंचे युवक के दादा की हालत बिगड़ गई। उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया।
क्षेत्र के तेंदुई गांव निवासी 28 वर्षीय आलोक मौर्य बाइक से बरौधा की ओर जा रहा था। रास्ते में तेंदुई गांव के सामने राष्ट्रीय राजमार्ग सात निर्माणाधीन फोरलेन पर पीछे से आ रही तेज रफ्तार डंपर ने बाइक सवार को कुचल दिया। इससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। हादसे की जानकारी जानकारी होने पर आसपास के लोगों ने निर्माणाधीन फोरलेन पर जाम लगा दिया। सूचना पर थाना प्रभारी श्याम बिहारी फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों का आरोप था कि फोरलेन निर्माण करने वाली संस्था के डंपर ने ही बाइक सवार को कुचला है। परिजनो को मुआवजा दिलाए जाने और कार्रवाई की मांग को लेकर तेज धूप में ग्रामीण सड़क पर बैठे रहे। पुलिस के समझाने पर ग्रामीण नहीं माने। मौत की जानकारी होने पर मृतक के दादा लालजी मौर्या घटना स्थल पर पहुंच कर जाम लगाने से मना किया। इस पर ग्रामीणों ने जाम समाप्त कर दिया। तभी अचानक लालजी मौर्या की तबीयत बिगड़ गई। मौके मौजूद थानाध्यक्ष श्याम बिहारी ने तत्परता दिखाते हुए उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजवाया। डा. रिचा सिंह बताया कि उनकी हालत में सुधार आया है। जाम समाप्त होने पर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।