मिर्जापुर। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की केंद्रीय अध्यापक पात्रता परीक्षा अब जिले में भी आयोजित की जाएगी। इसके लिए जिले में लगभग 50 केंद्रों को चिह्नित किया जा रहा है। परीक्षा का आयोजन जुलाई में होगा।
इसके पहले सीटेट की परीक्षा के लिए परीक्षार्थियों को इलाहाबाद, वाराणसी अथवा ऐसे ही अन्य जिलों में जाना पड़ता था। इससे उन्हें परेशानी होती थी। इसे देखते हुए सीबीएसई ने मिर्जापुर को ही परीक्षा केंद्र बना दिया है। इसके लिए लायंस स्कूल के प्रधानाचार्य डा. एनके पांडेय को सीबीएसई ने सिटी कोआर्डिनेटर बनाया है। उनसे कहा गया है कि जिले में परीक्षा के लिए कम से कम 50 परीक्षा केंद्रों को चिह्नित कर उनकी सूची भेजी जाए। प्रत्येक केंद्र पर कम से कम पांच सौ परीक्षार्थी होंगे। इस प्रकार से कम से कम 25 हजार परीक्षार्थियों को इस जिले के केंद्र बनने से लाभ होगा। सी-टेट की परीक्षा उत्तीर्ण करने के बाद परीक्षार्थी सीबीएसई से संबद्ध किसी भी विद्यालय में शिक्षण के लिए पात्र हो जाता है।