मिर्जापुर। यूपी बोर्ड की संचालित हाईस्कूल व इंटरमीडिएट की परीक्षा में गुरुवार को हाईस्कूल की संस्कृत विषय की परीक्षा में तीन नकलची पकड़े गए। संस्कृत विषय की परीक्षा के साथ ही हाईस्कूल की परीक्षाएं समाप्त हो गई। परीक्षार्थियों में हर्ष का माहौल रहा। गुरुवार की सुबह की पाली में हाईस्कूल की संस्कृत व इंटरमीडिएट की जीव विज्ञान की परीक्षा थी। इसमें तीन नकलची पकड़े गए। इसमें एक नकलची को चुनार क्षेत्र के पुरुषोत्तमपुर में वित्त एवं लेखाधिकारी ने एक नकलची को पकड़ा। इसी प्रकार छानबे विकास खंड के लोकनाथ मिश्र इंटर कालेज में केंद्र व्यवस्थापक ने दो नकलची परीक्षार्थियों को पकड़ कर रस्टीकेट कर दिया। संस्कृत की परीक्षा के साथ ही हाईस्कूल की परीक्षा संपन्न हो गई। संस्कृत की परीक्षा में 18 हजार नौ सौ 45 परीक्षार्थी पंजीकृत थे। इनमें से 16 हजार एक सौ 98 उपस्थित रहे और दो हजार सात सौ 47 अनुपस्थित रहे। इसी प्रकार इंटरमीडिएट की जीव विज्ञान की परीक्षा में पंजीकृत छह हजार तीन सौ 10 में से पांच हजार आठ सौ 90 उपस्थित रहे तथा छह सौ 20 अनुपस्थित रहे। जिला विद्यालय निरीक्षक देवकी सिंह ने बताया कि परीक्षा शांतिपूर्ण रही।