मिर्जापुर। नगर के महुवरिया वार्ड नं. 8 में नई कालोनी में सब्जी दुकान से लेकर भगवानदास रत्ना के मकान तक हुए अतिक्रमण के विरोध में शुक्रवार को जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक कार्यालय पर प्रदर्शन किया गया। मिर्जापुर सेवा समिति एवं अंतर्राष्ट्रीय न्यायिक मानवाधिकार संरक्षण के संयुक्त तत्वावधान में हुए प्रदर्शन बाद ज्ञापन सौंपा गया।
मिर्जापुर सेवा समिति संरक्षक दिलीप सिंह गहरवार व अंतर्राष्ट्रीय मानवाधिकार संरक्षण के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सुनील कुमार पांडेय ने उक्त मार्ग पर हुए अतिक्रमण को हटाए जाने के लिए क्षेत्र में पर्याप्त पुलिस बल उपलब्ध कराए जाने की मांग की। जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक को सौंपे गए ज्ञापन में नेताओं ने थानाध्यक्ष शहर कोतवाली द्वारा नगर पालिका परिषद का सहयोग न किए जाने का आरोप लगाया। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि यदि पुलिस द्वारा नगर पालिका परिषद का सहयोग न किया गया तो मिर्जापुर सेवा समिति अनिश्चित कालिन धरना प्रदर्शन पर बाध्य होगी। मिर्जापुर सेवा समिति के संयोजन दिलीप गहरवार ने कहा आज नगर की सड़कें और गलियां अतिक्रमण के चलते सिकुड़ती जा रही हैं। समय-समय पर मुद्दा उठाए जाने के बावजूद पुलिस प्रशासन नहीं चेत रहा है। प्रदर्शन के दौरान राजमणि दुबे, अब्दुल खालिक, सुजीत कुमार वर्मा, हैदर अली अब्बस, आजाद आलम, रत्नेश कुमार विश्वकर्मा व सुशील कुमार पांडेय ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर शिवशंकर शुक्ला, रविंद्र कुमार श्रीवास्तव, शिवनारायण तिवारी, आशीष दुबे, अनवर अली, संजय कुमार गुप्ता, जय प्रकाश सेठ, राज कुमार साहू, रवि कुमार, हर्ष कुमार, प्रदुम्न जायसवाल आदि मौजूद रहे।