चुनार। मिर्जापुर-वाराणसी राष्ट्रीय राजमार्ग पर पिरल्लीपुर लोहवा पुल के पास बुधवार की दोपहर तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से अपना दल (एस) के जिला महासचिव सुरेश सिंह की मौत हो गई। दुर्घटना की सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। अपना दल (एस) के जिला महासचिव सुरेश सिंह (52) पुत्र निगम सिंह निवासी नियामतपुर कला, थाना अदलहाट दोपहर में जिला मुख्यालय स्थित केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्यमंत्री अनुप्रिया पटेल के जनसंपर्क कार्यालय के लिए निकले थे। लगभग 12.30 बजे पिरल्लीपुर स्थित लोहवा पुल के पास पहुंचे थे कि पीछे से तेज रफ्तार ट्रक उन्हें धक्का मार दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के लोगों ने उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चचेरी मोड़ पहुंचाया, जहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। जानकारी पाकर एसडीएम चुनार सुरेंद्र बहादुर, पुलिस उपाधीक्षक प्रमोद कुमार और कोतवाल कमलेश पाल घटनास्थल पर पहुंच गए। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर चालक को गिरफ्तार कर लिया। वहीं, अपना दल (एस) के मंडल अध्यक्ष मेघनाथ सिंह, जिलाध्यक्ष रमाकांत पटेल और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता भी पहुंच गए। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव को परिजनों को सौंप दिया। मृतक का एक बेटा आंचित्य कुमार सिंह (19) और एक पुत्री अनुज्ञा सिंह (15) है।