जमालपुर। विकास खंड जमालपुर के ग्राम पंचायत मुड़हुआं में शौचालय का निर्माण पूरा नहीं होने पर जिलाधिकारी अनुराग पटेल ने ग्राम विकास अधिकारी भारतेंदु राव को निलंबित कर दिया। सोमवार को कलेक्ट्रेट हाल में समीक्षा बैठक में डीएम ने शौचालयों के निर्माण में शिथिलता बरते जाने पर एडीओ पंचायत को कड़ी फटकार लगाई थी व एक सप्ताह के अंदर 22 शेष शौचालयों को पूरा कराने को कहा था। ग्राम विकास अधिकारी एवं प्रधान ने शौचालय का निर्माण कार्य नहीं कराया। पर शेष बचे शौचालय की धनराशि को निकाल लिया।
ब्लाक जमालपुर के ग्राम पंचायत मुड़हुआ में 139 शौचालय निर्माण कराने के लिए आया था, लेकिन ग्राम प्रधान के मनमानी से सिर्फ 80 प्रतिशत ही शौचालयों का निर्माण हुआ है। समीक्षा बैठक में प्रधानमंत्री आवास में भी धन वसूली की शिकायत लोगों ने की थी। शौचालय निर्माण में धीमी गति पर जिलाधिकारी ने सहायक पंचायत अधिकारी संतोष कुमार को चेतावनी भी दिया था। जमालपुर ब्लाक में करीब 25 ग्राम पंचायत ओडीएफ घोषित किया गया है। घोषित हुये ग्राम पंचायत का सौ प्रतिशत शौचालय का निर्माण कार्य नहीं पूरा किया गया। शौचालय निर्माण बिना धनराशि निकालने से नाराज डीएम ने ग्राम विकास अधिकारी को निलंबित कर दिया। इस संबंध में सहायक पंचायत अधिकारी संतोष कुमार श्रीवास्तव ने बताया डीएम के समीक्षा बैठक में कई बार निर्माण कराने के लिए कहा गया लेकिन शौचालय का निर्माण नहीं हुआ। उन्होंने बताया कि विकास खंड में जहां पर मी मानक के विपरीत कार्य कराया गया है, सबकी जांच कराई जाएगी।