मिर्जापुर। क्राइम ब्रांच और चुनार पुलिस ने रविवार को सक्तेशगढ़ के पास घेरेबंदी कर ट्रक से 54 लाख रुपये की अवैध अंग्रेजी शराब बरामद किया। दो शराब तस्करों को भी गिरफ्तार किया गया। बरामद शराब हरियाणा से बिहार ले जाई जा रही थी।
पुलिस अधीक्षक शालिनी ने सोमवार की दोपहर पुलिस लाइन में बताया कि अवैध शराब की खेप हरियाणा से बिहार ले जाए जाने की सूचना लगातार मिल रही थी। इसकी जानकारी होने पर एसपी आपेशन एसके सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई थी। पुलिस टीम सुराग जुटाने में लगी थी कि इसी बीच मुखबिर से सटीक सूचना मिली। इसके बाद पुलिस टीम ने रविवार को चुनार कोतवाली के पुलिस ट्रेनिंग सेंटर के सामने घेरेबंदी की। इसी बीच एक ट्रक आता नजर आया। ट्रक को रोककर तलाशी कराई गई तो चावल की बोरियों के पीछे छिपा कर रखी गई अवैध अंग्रेजी शराब की 56640 बोतलें पाई गईं। मौके से शराब तस्कर रणजीत सिंह पुत्र हीरा सिंह निवासी माधोके थाना लापाके जिला अमृतसर पंजाब, संकेत्तर सिंह पुत्र मक्खन सिंह निवासी झलाब रोड शहीद उधम सिंह कालोनी थाना हकीमा गेट जनपद अमृतसर को गिरफ्तार किया गय। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे लोग हरियाणा के रोहतक से शराब की पेटियों से भरे ट्रक को लेकर बिहार जा रहे थे। शराब पहुंचाने पर एक चक्कर के उन्हेें 50 हजार रुपये मिलते हैं। शराब की तस्करी कौन करता है, इसके बारे में नहीं पता है, क्योंकि हरियाणा से दूसरा चालक ट्रक लेकर रोहतक आता है। जहां से वे ट्रक लेकर बिहार के लिए रवाना होते हैं। बरामद शराब की कीमत लगभग 54 लाख रुपये बताई जा रही है।