अहरौरा। बारिश के चलते नगर के कटरा वार्ड के बौलिया में शुक्रवार की दोपहर एक कच्चे मकान की छत गिर गई। इसमें दबकर परिवार के तीन लोग घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने मलबे से तीनों को निकाल कर सीएचसी भेजा जहां उनका इलाज चल रहा है।
नगर के बौलिया निवासी रामजी मजदूरी कर परिवार का पालन पोषण करता था। शुक्रवार की सुबह से बारिश होने के चलते रामजी काम पर नहीं गया था। दोपहर करीब 12 बजे रामजी (62) पुत्र खुन्नू, उसकी पत्नी तारा (55) और उसका पुत्र दिनेश (30) अपने कच्चे घर के एक कमरे में मौजूद था। इस दौरान तेज बारिश हो रही थी । बारिश मूसलाधार होने की वजह से कच्चा मकान की छत गिर गई जिससे दंपती व उसका पुत्र मलबे में दब गया। इसके बाद स्थानीय लोगों ने मलबे में दबे तीनों लोगों को बाहर निकाला। ठेला पर लादकर घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अहरौरा लाया गया जहां उनका इलाज किया जा रहा है । सूचना पर क्षेत्रीय लेखपाल अमरेश सिंह व सुरेश कुमार मौके पर पहुंचे और रिपोर्ट तैयार किया।