ड्रमंडगंज। हलिया विकास खंड के हर्रा गांव में शौचालय निर्माण की धीमी प्रगति और घटिया सामग्री का इस्तेमाल करने के आरोप में एडीओ पंचायत रमेश चंद्र उपाध्याय ने मंगलवार को ग्राम विकास अधिकारी को कारण बताओ नोटिस जारी किया। उन्होंने कहा कि सोमवार को निरीक्षण के दौरान खामियां सामने आई थीं।
स्वच्छ भारत मिशन के तहत 79 ग्राम पंचायतों में कुल 19607 शौचालय बनने थे, लेकिन निर्माण की धीमी गति होने के कारण 14109 शौचालयों का अबतक फोटो अपलोड कराया गया है जबकि 5498 शौचालयों का निर्माण अधर में लटका हुआ है। सोमवार को सहायक विकास अधिकारी पंचायत रमेश चंद्र उपाध्याय ग्राम पंचायत हर्रा का भ्रमण कर शौचालयों का निरीक्षण किया जिसमें 303 शौचालयों के सापेक्ष 120 शौचालय अधूरे मिले। 25 शौचालयों में अभी तक छत ही नहीं पड़ी थी। अधिकतर शौचालय अधूरे रहने के कारण लोगों के इस्तेमाल में नहीं आ रहे हैं। जांच पड़ताल के दौरन 159 शौचालयों का धन भी आहरण कर लिया गया है। उन्होंने ग्राम विकास अधिकारी से एक सप्ताह में कारण बताओ नोटिस का जवाब मांगा है।