मिर्जापुर। देहात कोतवाली पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर मंगलवार को क्षेत्र के बेदौली और करनपुर गांव के पास से दुराचार एवं छेड़खानी के दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। दोनों पर शनिवार एवं रविवार को पीड़िता के परिजनों ने मुकदमा दर्ज कराया था।
देहात कोतवाल साजिद सिददीकी के अनुसार शनिवार को क्षेत्र के एक गांव निवासिनी एक पीड़िता के परिजनों ने कोतवाली में तहरीर देकर आरोप लगाया कि उनकी लड़की एक दुकान से सब्जी लेकर घर आ रही थी। इसी दौरान क्षेत्र का एक युवक उसे पकड़कर सिवान में उठा ले गया और उसके साथ दुराचार किया। घटना के बाद पीड़िता ने परिजनों को आपबीती बताई तो आरोपी के विरुद्घ तहरीर देकर दुराचार का मुकदमा पंजीकृत कराया। इसी प्रकार कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासिनी 17 वर्षीय एक किशोरी रात को शौच के लिए निकली थी। जिसके साथ गांव के ही एक युवक ने अश्लील हरकत की। जानकारी होने पर पीड़िता की मां ने आरोपी के विरुद्घ तहरीर देकर मामला पंजीकृत कराया। पुलिस ने दोनों आरोपी राहुल गौड़ निवासी बेदौली कला तथा पुन्नू कुमार निवासी चितावनपुर को क्षेत्र के बेदौली कला व करनपुर के पास से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।