जिगना। आषाढ़ माह के तीसरे सोमवार को बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने छानबे ब्लाक के विजयपुर स्थित शीतलाधाम तथा डेरवा की छोटी महारानी दुलारो माता मंदिर में दर्शन पूजन कर मन्नतें मांगी।
विजयपुर में शीतला देवी के मंदिर और डेरवा में छोटी महारानी दुलारो माते के दर्शन के लिए सुबह से भक्तों का तांता लगा रहा। भक्तों ने मां के दरबार में शीश नवा कर मनोकामना पूर्ण होने की कामना की। भक्तों ने कड़ाही चढ़ा कर मां के भोग के लिए हलुवा पूड़ी बना कर पहले दुलारो माता फिर बड़ी माता शीतला देवी को भोग लगाया । करीब तीन किलोमीटर क्षेत्रफल में फैले मेले मे लोगों ने घरेलू उपयोग आदि सामानों व बच्चों ने खिलौना की खरीदारी की। मेले में लगे झूला का भी आनंद लोगों ने उठाया । महिलाओं और बच्चों की संख्या काफी अधिक रही। मंदिरों के आसपास पुलिस और पीएसी तैनात की गई थी। शीतलाधाम मंदिर परिसर में सफाई न होने के कारण फिसलन थी जिससे दर्शनार्थियों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। मेले में नारियल चुनरी, प्रसाद, खिलौने, घरेलू उपयोग की वस्तुओं समेत मिष्ठान आदि की दुकानें सजी रही। श्रद्धालुओं की भीड़ के चलते पूरे दिन गैपुरा लालगंज मार्ग पर जाम कि स्थिति बनी रही। दो स्थानों पर बैरियर लगाए गए थे ।