मिर्जापुर। संयुक्त शिक्षा निदेशक कार्यालय पर उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ के तत्वावधान में माध्यमिक शिक्षकों ने बुधवार को धरना प्रदर्शन किया। प्रांतीय कोषाध्यक्ष डा. श्याम नारायण तिवारी ने कहा कि शिक्षकों की लंबित विनियमितीकरण, पदोन्नति, अवशेष वेतन, एरियर का भुगतान नियमानुसार किया जाए, अन्यथा शिक्षक आंदोलन करने को बाध्य होंगे। उन्होंने कहा कि जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय में व्याप्त भ्रष्टाचार को समाप्त किया जाए। धरने के बाद शिक्षकों ने मुख्यमंत्री को संबोधित पत्रक जेडी को सौंपा।
उन्होंने कहा कि माध्यमिक शिक्षकों की समस्याओं का निराकरण नहीं होने से उनमें आक्रोश व्याप्त है। धरने के दौरान संयुक्त शिक्षा निदेशक कामता राम पाल ने शिक्षकों की समस्याओं के निराकरण और मंडल को समस्याविहीन बनाने का आश्वासन दिया। मंडलीय अध्यक्ष कमला तिवारी ने कहा कि सभी एकजुट होकर लड़ाई लड़ें। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश से गरीब राज्य बिहार आदि हैं, बावजूद इन राज्यों में पुरानी पेंशन लागू है। उन्होंने प्रदेश में भी पुरानी पेंशन व्यवस्था लागू करने की मांग किया। उन्होंने जयहिंद विद्या मंदिर अहरौरा और पीडीएनडी इंटर कॉलेज चुनार में प्रबंधक और जिला विद्यालय निरीक्षक द्वारा गलत तरीके से वरिष्ठता निर्धारण कर पदोन्नति करने का विरोध किया। धरने में प्रांतीय संगठन मंत्री ओम प्रकाश त्रिपाठी, जिलाध्यक्ष उमाशंकर पांडेय, जिला मंत्री रमेश द्विवेदी, फुन्नु राम, राम नरायण जायसवाल, रविशंकर ओझा, डा. प्रमोद मिश्रा, पवन उपाध्याय, दिनेश प्रताप ने पुरानी पेंशन लागू करने की मांग किया। संचालन डा. संजय कुमार मिश्र ने किया। धरने के दौरान जगदीश मिश्रा, नीरज, गोपाल पांडेय, उषा कनक पाठक, राजेश शुक्ला, लालजी शास्त्री, बृजभूषण पांडेय आदि मौजूद रहे।