नरायनपुर। राष्ट्रीय राजमार्ग-7 पर बैकुंठपुर के पास आधा किलोमीटर सड़क 15 वर्षों से गड्ढायुक्त, जर्जर स्थिति में है। इस सड़क पर अब तक कई लोगों की मौत भी हो चुकी है और सैकड़ों लोग गंभीर रूप से घायल हो चुके हैं। सांसद ,विधायक ,जिलाधिकारी ,उपजिलाधिकारी को पत्रक देने के बाद भी कोई कार्रवाई न होने पर विभिन्न संगठनों के लोग गुरुवार से धरने पर बैठ गए।
जनहित सेना मीरजापुर, भारतीय किसान युनियन(भानु) ,भारत विकास परिषद , सर्राफा व्यापार मंडल नरायनपुर, व्यापार मंडल नरायनपुर के संयुक्त नेतृत्व में अनिश्चित कालीन धरने के पहले दिन भारतीय किसान यूनियन (भानु) के जिलाध्यक्ष अली जमीर खान ने कहा कि सड़क की हालत बहुत खराब हो चुकी है। आवागमन मुश्किल हो चला है। कोई भी कहीं काम से जाता है तो यह सड़क उसके लिए मुसीबत बन कर सामने आ जाती है। यह बहुत ही गंभीर समस्या है। इसका जब तक समाधान नहीं होता है तब तक हम पांचों संगठन क्षेत्रीय जनता को लेकर अनिश्चितकालीन धरने पर बैठे रहेंगे।
इसके बाद भी शासन-प्रशासन के लोग गंभीरता से नहीं लेते हैं तो आमरण अनशन भी करने के लिए तैयार हैं। अध्यक्षता धर्मदेव उपाध्याय तथा संचालन कृष्णमुरारी पटेल ने किया। धरने पर संयोजक जनहित सेना राजकुमार पटेल, डा. चंद भान तिवारी,राजेश चौधरी,डा. ओमप्रकाश सिंह,प्रदीप कुमार पटेल, मोहम्मद जकी, ईं राजबहादुर सिंह, कैलाश योगी, नागेन्द्र बहादुर सिंह, तुलसी दास गुप्ता, कमलेश सिंह, दिलीप कुमार जायसवाल,फणीन्द्र श्रीवास्तव, मुकेश सिंह एडवोकेट शमीम देवलासी कल्लू खान आदि उपस्थित रहे ।