मिर्जापुर। नगर के बरियाघाट में स्नान करने के उपरांत रविवार को दूरदराज से आए बड़ी संख्या में डाक बम सीटी बजाते हुए शिवद्वार के लिए रवाना हुए। रविवार की सुबह से ही गंगा घाट पर दूरदराज से डाक बम की टोली बोल बम का जयघोष करते पहुंचने लगे थे, जो दोपहर बाद तक आते रहे। बरियाघाट पर पहुंचे डाक बम प्लास्टिक की लोटिया में गंगा जल भर कर पीठ में बांध कर सीटी बजाते हुए शिवद्वार में बाबा भोलेनाथ को जलाभिषेक करने को रवाना हुए। श्वेत वस्त्र धारण किए डाक बम में बाबा भोलेनाथ की भक्ति देखते ही बन रही थी। इसके पूर्व गंगा किनारे पहुुंचे बड़ी संख्या में डाक बम की टोली गंगा स्नान के बाद तट पर स्थित शिवालयों में विधिवत पूजन-अर्चन कर मंगलकामना की। नगर के बरियाघाट पर उमड़ी शिव भक्तों की भीड़ के चलते पुलिस प्रशासन की तरफ से सुरक्षा-व्यवस्था के मद्देनजर चाक चौबंद इंतजाम किए गए थे।