पटेहरा विकास खंड के रैकल में वितरण के लिए आया 150 पैकेट चने की दाल गायब होने का आरोप लगाया गया है। इसकी शिकायत आईजीआरएस और बाद में तहसील दिवस में भी प्रार्थना पत्र देकर की गई। हालांकि शिकायत मिलने के बाद व्यवस्था करके चने की दाल वितरित भी करा दी गई है। उधर, जिला कार्यक्रम अधिकारी ने पूरे मामले की जांच के लिए दो सदस्यीय कमेटी का गठन कर दिया है।
लाभार्थियों को जब चने की दाल नहीं मिली तो संबंधित से पूछताछ की। इस पर आंगनबाड़ी कार्यकर्ता ने बताया कि स्टोर से दाल लाते समय रास्ते में कहीं गिर गई। इससे वितरण नहीं हो पा रहा है। इस संबंध में आईजीआरएस पर शिकायत की गई तो संतोषजनक जवाब नहीं मिला। इसके बाद जब विभाग में शिकायत की गई तो आंगनबाड़ी कार्यकर्ता ने कहीं से व्यवस्था करके दाल वितरित करा दिया।
गांव के निवासी रजनीश ने तहसील दिवस में प्रार्थना पत्र देकर पूरे मामले की जांच कराने की मांग की है। गांव की लाभार्थी माधुरी, रेखा, फूलकली, रजिया, श्यामदेवी ने भी शिकायत कर जांच की मांग की है।
शिकायत होने पर जिला कार्यक्रम अधिकारी वाणी वर्मा ने पूरे मामले की जांच के लिए दो सदस्यीय कमेटी का गठन कर दिया है। उन्होंने जांच कमेटी से शीघ्र रिपोर्ट देने के लिए कहा है। जिला कार्यक्रम अधिकारी ने कहा कि मामला गंभीर है। जांच कराई जा रही है।