मिर्जापुर। मिर्जापुर, विंध्याचल रेलवे स्टेशन समेत जनपद के समस्त रेलवे स्टेशन के विकास के लिए प्रयास किया जा रहा है। अभी तक दोनों स्टेशनों का काफी हद विकास कराने में सफलता मिली है। दो ट्रेनों का भी ठहराव हुआ है। राजधानी समेत आधा दर्जन ट्रेनों के ठहराव के लिए रेलमंत्री से बातचीत चल रही है। ये बातें केंद्रीय राज्यमंत्री अनुप्रिया पटेल ने शुक्रवार की शाम पांच बजे रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर एक पर पत्रकारों से बातचीत के दौरान कही।
उन्होंने कहा कि मिर्जापुर, विंध्याचल समेत समस्त रेलवे स्टेशन का विकास कराने के लिए वह शुरू से प्रयास कर रही है। मिर्जापुर में स्वचालित सीढ़ी, फूट ओवरब्रिज, द्वितीय प्रवेश द्वार, पार्क और उद्यान तथा रेलवे स्टेशन का सौंदर्यीकरण कराया गया है। अहरौरा रोड रेलवे स्टेशन का नाम भी बदलने की पहल चल रही है। मिर्जापुर और विंध्याचल रेलवे स्टेशन पर कम से कम एक राजधानी, नार्थ ईस्ट, संपूर्ण क्रांति एक्सप्रेस समेत आधा दर्जन ट्रेनों का ठहराव कराने के लिए रेलमंत्री से बातचीत चल रही है। गैपूरा में बनाए जा रहे अंडर ब्रिज को रोककर ओवरब्रिज बनाने की पहल की जा रही है ताकि यात्रियों के साथ ग्रामीणों को भी किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो।
पत्रकारों ने मंत्री अनुप्रिया पटेल से रेलवे चिकित्सालय की दयनीय व्यवस्था को सुधारने की बात कही तो वह भौचक्की रह गई। उन्होंने कहा कि रेलवे परिसर में इसका चिकित्सालय भी है, उन्हें जानकारी नहीं थी। कहा कि अगर वहां की व्यवस्था दयनीय है तो उसको सुधारने के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया जाएगा ताकि यात्रियों को समय पर इलाज मिल सके।