मिर्जापुर। यूपी बोर्ड की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षाओं का महासमर सात फरवरी से शुरू हो रहा है। साल भर के परीश्रम के बाद परीक्षार्थी इन परीक्षाओं में शामिल होंगे। तैयारियों के तहत बुधवार को परीक्षा केंद्रों में डेस्क स्लिप लगती रही। केंद्र व्यवस्थापक से लेकर कक्ष निरीक्षक तक अपने केंद्रों पर भ्रमण करते रहे। कई केंद्रों पर परीक्षार्थी अपने सीट मैनेजमेंट देखने गए थे लेकिन उन्हें वापस कर दिया गया। उन्हें परीक्षा के समय ही आने को कहा गया। परीक्षा केंद्रों पर सीसी कैमरा, वायस रिकार्डर लगा दिए गए हैं।
परीक्षा के लिए जिले के सभी केंद्रों पर बुधवार की देर शाम तक तैयारियां चलती रही। केंद्र व्यवस्थापक, कक्ष निरीक्षकों व सहयोगियों के साथ परीक्षार्थियों की डेस्क पर नेम व रोल नंबर लिखी पर्चियां चिपकाते रहे। केंद्र के सभी सीसीटीवी कैमरों व वायस रिकार्डरों की एक बार फिर से जांच की गई। राजकीय इंटर कालेज व जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय में देर शाम तक परीक्षा के लिए रणनीति तैयार होती रही। विभागीय कर्मचारियों व अधिकारियों के साथ जिला विद्यालय निरीक्षक परीक्षा संचालन के विभिन्न बिंदुओं पर सलाह मश्विरा करते रहे। संयुक्त शिक्षा निदेशक कामता राम पाल ने भी मंडल के तीनों जिलों के जिला विद्यालय निरीक्षक से संबंधित जिला में परीक्षा की तैयारियों का जायजा लिया। कई परीक्षार्थियों को पहली बार बोर्ड परीक्षा में शामिल होने से कुछ भय लग रहा है लेकिन शिक्षकों ने उनको आश्वस्त किया है कि वे निश्चिंत होकर परीक्षा में शामिल हों।
राजकीय इंटर कालेज में प्रधानाचार्य महेंद्र नाथ ने अपने सहयोगियों के साथ सभी कक्षों का निरीक्षण किया और कैमरों की जांच की। उड़ाका दल के सदस्यों ने भी जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय में अपनी आमद दर्ज कराई। अध्यापकों ने भी अपने ड्यूटी वाले परीक्षा केंद्रों पर आमद दर्ज कराई। केंद्र व्यवस्थापक से केंद्र के बारे में जानकारी ली।
एडीएम द्वय बने सुपर जोनल मजिस्ट्रेट
परीक्षा केंद्रों के लिए एडीएम राजितराम प्रजापति तथा एडीएम एमए अंसारी को सुपर जोनल मजिस्ट्रेट बनाया गया है। एडीएम राजितराम प्रजापति को सदर व लालगंज तहसील तथा एडीएम एमए अंसारी को चुनार व मड़िहान तहसील का सुपर जोनल मजिस्ट्रेट बनाया गया है। इन मजिस्ट्रेटों को परीक्षा सकुशल संपन्न कराने की जिम्मेदारी दी गई है।
संगीत गायन व काष्ठ शिल्प की होगी पहले दिन परीक्षा
बोर्ड परीक्षा के पहले दिन पहली पाली में हाईस्कूल की संगीत गायन व दूसरी पाली में इंटरमीडिएट की काष्ठ शिल्प की परीक्षा आयोजित की गई है। पहले दिन कम परीक्षार्थियों की परीक्षा होने से विभाग के लोगों ने राहत की सांस ली है।
इनसेट
बोर्ड परीक्षा एक नजर में
कुल परीक्षार्थी- 75 हजार पांच सौ तीन
हाईस्कूल - 44 हजार आठ सौ पांच
इंटरमीडिएट- 30 हजार छह सौ 98
परीक्षा केंद्र - 110
संवेदनशील केंद्र- 12
अति संवेदनशील केंद्र- पांच
सुपर जोनल मजिस्ट्रेट- दो
जोनल मजिस्ट्रेट- आठ
सेक्टर मजिस्ट्रेट- 14
स्टेटिक मजिस्ट्रेट- 17
नियंत्रण कक्ष का नंबर- 05442- 223972, 253069
सभी तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। उत्तर पुस्तिकाएं व प्रश्नपत्र कड़ी सुरक्षा में परीक्षा केंद्रों पर पहुंच चुके हैं। शासन के निर्देशानुसार सीसीटीवी कैमरा व वायस रिकार्डर की निगरानी में सात फरवरी से तय कार्यक्रम के अनुसार बोर्ड परीक्षाएं संचालित होंगी।
- देवकी सिंह, जिला विद्यालय निरीक्षक, मिर्जापुर।