मिर्जापुर। जिलाधिकारी अनुराग पटेल की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्वच्छ भारत मिशन कमेटी की बैठक हुई। इसमें सहभागी ग्राम पंचायत विकास योजना, वार्षिक कार्ययोजना, जीपीडीपी तैयार करने पर चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने कहा कि स्वच्छता के प्रति लोगों को जागरूक करें। जो ग्राम ओडीएफ हो गए हैं, उनमें आगामी तीन माह तक अधिकारियों व स्वच्छाग्रहियों की ओर से भ्रमण किया जाए ताकि लोगों में जागरूकता बनी रहे।
जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद स्तर पर सालाना कार्ययोजना निर्माण एवं गतिविधियों के संचालन के लिए जिला क्रियान्वयन एवं अनुश्रवण समिति की बैठक समय से कराई जाए। आयोजन के रोस्टर के अनुसार कर्मियों की उपस्थिति को बनाए रखा जाए। उन्होंने कहा कि इस योजना के प्रचार-प्रसार के लिए जनपद स्तर पर मीडिया के कार्यशाला आयोजित की जाए। डीएम ने कहा कि मिशन अंत्योदय के एप्लीकेशन पर ग्राम पंचायत का सामाजिक, आर्थिक सर्वेक्षण एवं डाटा अपलोड किया जाए। जिलाधिकारी ने बताया कि एक ग्राम पंचायत में न्यूनतम 15 दिवस के अंतराल पर ग्राम सभा की दो बैठकों के आयोजनों का प्राविधान किया गया है, जो समय से कराया जाए। बैठक में मिशन के अंतर्गत रखे गए कर्मचारियों के मानदेय, वेतन व वाहन व्यय, स्वच्छाग्रहियों का भुगतान, योजना के क्रियान्वयन एवं संचालन के लिए लगाई गई गाड़ियों का भ्रमण उपरांत भुगतान की स्थिति पर चर्चा की गई। बैठक में खंड विकास स्तर पर प्रचार-प्रसार आदि पर भी चर्चा की गई। इस दौरान जिला पंचायत राज अधिकारी सीआर जायसवाल, कोआर्डिनेटर विनोद कुमार श्रीवास्तव, ब्लाक प्रमुख कोन व सीखड़ सहित कई ग्राम प्रधान व अधिकारी उपस्थित रहे।