मिर्जापुर। स्वायत्त शासन कर्मचारी संगठन के तत्वावधान में जलकल, जोनल व स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों ने दूसरे दिन गुरुवार को भी घंटाघर स्थित नगर पालिका कार्यालय के परिसर में धरना प्रदर्शन किया। नगर पालिका में आउटसोर्सिंग में तैनात कर्मचारियों ने तीन माह से बकाया मानदेय भुगतान करने की मांग की और आउटसोर्सिंग पर तैनात कई कर्मचारियों को हटाने पर नाराजगी जताई।
नगर पालिका परिषद के शाखा अध्यक्ष पप्पू लाल ने कहा कि संविदा और आउटसोर्सिंग पर तैनात कर्मचारियों का मई, जून और जुलाई माह का मानदेय बकहाया है। नगर पालिका द्वारा जुलाई माह का मानदेय भुगतान किया जा रहा है। कहा कि दिसंबर 2001 तक नियुक्त संविदा कर्मचारियों के विनियमितीकरण की कार्रवाई जस की तस पड़ी हुई है। पालिका सेवा काल में मृतक कर्मचारियों के परिजनों की नियुक्ति तत्काल किया जाए। सेवानिवृत्त एवं मृतक कर्मचारियों का पेंशन, ग्रेच्युटी, पेंशन का एरियर का भुगतान तत्काल किया जाए। इस दौरान शंकर लाल यादव, अश्वनी, रजनीश, मंगल, आनंद कसेरा, मुख्तार खां ने बकाया मानदेय भुगतान सहित समस्याओं के निराकरण की मांग की। धरना प्रदर्शन के दौरान आशुतोष लडडन, शांति, मुन्नी, हुस्न बानो, सुनिता, अलीजान, कमलाकांत, गोपीनाथ, कैलाश, बच्चन, नरेश, विक्रम, हुसैनी, आशीष, कल्लू, सौरभ, हंसालाल, जीत लाल, राम बाबू आदि मौजूद रहे।