मिर्जापुर। बीएचयू के राजीव गांधी साउथ कैंपस में आए दिन हो रही मारपीट की घटनाओं पर अंकुश के लिए पुलिस ने नया प्लान तैयार किया है। पुलिस अधीक्षक आशीष तिवारी के निर्देश पर पुलिस की एक टीम ने परिसर का निरीक्षण करने के बाद उनको रिपोर्ट दी। इसके आधार पर 16 बिंदुओं पर सुझाव तैयार कराकर साउथ कैंपस के इंचार्ज प्रो. एस कुशवाहा को पत्र भेजा गया। इसमें कहा गया है कि प्रतिदिन शाम चार से छह बजे तक एंटी रोमियो स्क्वॉड और कैंपस का स्क्वॉज चेकिंग करेगा। परिसर के मुख्य स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगवाए जाएंगे। प्रवेश और निकास के लिए एक ही द्वार होगा।
पुलिस अधीक्षक ने प्रो. साकेत कुशवाहा को प्रस्ताव पर अमल करने के लिए कहा है। बरकछा कैंपस में नौ अप्रैल को कैंटीन के बाहर चाय पीते समय हूटिंग को लेकर दो छात्र गुटों में जमकर मारपीट हुई थी। अगले दिन दस अप्रैल को बीकाम के छात्रों ने शिवालिक हास्टल में घुसकर मारपीट और तोड़फोड़ की थी। दोनों घटनाओं के बाद वहां पहुुंची पुलिस ने मामला शांत कराया था। अब भी वहां पुलिस तैनात है। इस घटना को लेकर एसपी ने चिह्नित छात्रों के अभिभावकों को बुलाकर उनसे बातचीत की और कहा कि छात्र ऐसा ही करेंगे तो उनका भविष्य बर्बाद होगा। बरकछा कैंपस को भी महत्वपूर्ण सुझाव देने के साथ ही उस पर यथाशीघ्र अमल करने के लिए कहा। साउथ कैंपस के पास ही महिला थाना बनाया जा रहा है। विश्वविद्यालय प्रशासन निर्माण में जलापूर्ति की व्यवस्था करे ताकि निर्माण जल्द पूरा हो सके। ऐसा होने से परिसर के नजदीक पुलिस की मौजूदगी होगी।
पुलिस अधीक्षक ने दक्षिणी परिसर में मारपीट पर अंकुश और सुरक्षा के लिहाज से कालेज प्रशासन को सुझाव दिया है। उन्होंने दक्षिणी परिसर प्रशासन को भेजे गए पत्र में कहा है हास्टल की छत पर तालेे लगाएं जाएं ताकि अराजक तत्व न पहुंचे, कैंपस में पुलिस अधिकारियों के नंबर चस्पा किए जाएं, उपद्रवी गुटों के नेतृत्वकर्ता को चिह्नित कर कार्रवाई की जाए। मेस और हास्टल अगल किए जाएं ताकि छात्र न एकत्रित हों। प्रत्येक माह हास्टल के छात्रों और बीएचयू प्रशासन के बीच बैठक हो। प्रत्येक हास्टल में छात्र समिति गठित की जाए और उनसे वार्ता की जाए। परिसर में रात्रि गश्त के दौरान सायरन बजाए जाएं और निजी गार्ड की बाइक में हूटर लगाया जाए। साथ ही रात दस बजे के बाद परिसर में आवागमन पर रोक लगाई जाए। एसपी ने प्रो. साकेत कुशवाहा से इन सुझावों पर अमल करने का आग्रह किया है।
पुलिस अधीक्षक आशीष तिवारी ने कहा कि साउथ कैंपस में आए दिन हो रही मारपीट के मद्देनजर प्लान तैयार किया गया है। इसे लागू कराने के लिए प्रो. साकेत कुशवाहा को पत्र भेेजा गया है।