मिर्जापुर। जिले में शनिवार की रात आंधी और बारिश से गेहूं की फसल को पहुंचे नुकसान ने किसानों की मुसीबत बढ़ा दी है। काट कर रखे गए गेहूं के बोझ उड़ गए और खेतों में खड़ी फसल गिर गई। आम के बौर भी झड़ गए जिससे आम की पैदावार कम होने की आशंका है। कई स्थानों पर बिजली के तार टूट कर गिरने से बिजली गुल रही। आंधी खत्म होने के बाद लोगों ने राहत की सांस ली लेकिन रविवार की भोर में भी बूंदाबांदी और छोटे-छोटे आकार के ओले गिरने से किसानों की बेचैनी बढ़ गई। आंधी-बारिश से गेहूं की कटाई व मड़ाई का कार्य प्रभावित हुआ है। हालांकि बारिश से सब्जी की खेती को लाभ पहुंचा है।
जमालपुर क्षेत्र में आंधी-बारिश से किसानों की गेहूं की फसल नष्ट हो गई है। कटाई और मड़ाई का कार्य प्रभावित रहा। हरिहरपुर के किसान किशोरी पटेल ने कहा कि बारिश से गेहूं और भूसा पर असर पड़ेगा। भदावल गांव के किसान रमेश सिंह, हसौली के किसान श्रीकांत द्विवेदी ने कहा कि आधी व ओले पड़ने से फसलों को नुकसान पहुंचा है। आंधी से खलिहान में रखे गेहूं के बोझ उड़ गए। खेत में फसल गिर गई है। अब किसान एक सप्ताह बाद ही गेहूं की मड़ाई कर सकेंगे। लालगंज क्षेत्र में आंधी से गेहूं की फसल और आम को नुकसान पहुंचा है। आंधी के चलते कई स्थानों पर पोल गिरने और तार टूटने से बिजली आपूर्ति बाधित है। क्षेत्र के निनवार, बसकोप, जगदीशपुर, मानिकपुर, अमहा, लालगंज, रजई, मेढरा, बस्तरा, गंभीरपुर, चितरवार और बघई आदि गांव में गेहूं के बोझ उड़ गए और खेत में तैयार गेहूं की फसल गिर गई। सीखड़ ब्लॉक में आंधी-बारिश के चलते बिजली गुल रही। सीखड़ पावर हाउस की ओसीबी में आई गड़बड़ी से बिजली आपूर्ति ठप है। पावर हाउस खैरा के अवर अभियंता ध्यानचंद्र वर्मा ने बताया कि राजा तालाब स्थित पावर हाउस में खराबी आ गई, जिससे आपूर्ति बाधित है। कोन ब्लॉक के चील्ह व चेतगंज में आंधी बारिश के दौरान भीग गई जिससे किसान अब फसल सूखने के बाद ही कटाई कर सकेंगे। ड्रमंडगंज में आंधी से गेहूं के बोझ उड़ गए। तिलावं में तार टूटने से बिजली गुल रही। अहरौरा क्षेत्र में बारिश से फसल भीग गई है। राजगढ़ क्षेत्र में केवल हल्की बरसात हुई है, जिससे किसानों को कोई खास नुकसान नहीं हुआ है। अदलहाट क्षेत्र में आंधी बारिश के दौरान गेहूं के बोझ उड़ गए और फसल भीग गई। नरायनपुर में भी फसल को नुकसान पहुंचा है। जिगना: आंधी, बारिश और ओलावृष्टि से गेहूं, सरसों, अरहर की फसल को नुकसान पहुंचा। आम के बौर झड़ गए। हवा के तेज झोकें में मड़हे व टीन शेड उड़ गए। पेड़ों, डालियों और तार टूटने से बिजली आपूर्ति बाधित हो गई है। कछवां: आंधी से गेहूं की फसल गिर गई और आम का बौर झड़ गए। रामापुर, जलालपुर, बरैनी, केवटावीर, करसड़ा, बाड़ापुर, सेमरी में खेत में तैयार गेहूं की फसल गिर गई। किसान मनोज सिंह, मनोज कुमार सिंह, पवन मिश्रा, योगेंद्र नारायण सिंह, गोपाल सिंह, सतीश सिंह ने सरकार से मुआवजे की मांग की है।
जिगना: आंधी के दौरान जोपा रामपुर घाट मार्ग पर बने पीपा पुल के चकरप्लेट उड़कर तितर-बितर हो गए, जिससे राहगीरों को आवागमन में परेशानी हुई। चकर प्लेट हटने से लोगों को बालू में चलना पड़ा।