मिर्जापुर। महिलाओं ने इस चुनाव में बड़ी भागीदारी निभाई। लगभग हर बूथ पर आधी आबादी की उपस्थिति अधिक दर्ज की गई। महिलाओं ने लोकतंत्र के इस महापर्व में खूब भागीदारी निभाई। घर का चूल्हा चौका कर के अधिकांश महिलाएं दोपहर के खाली वक्त में वोट देने पहुंची थीं। कहीं घूंघट वाली महिलाओं की तो कहीं बुर्कानशीं महिलाओं की भीड़ अधिक दिखाई पड़ी।
महिलाओं ने शहर की सरकार चुनने में जरा सी कोताही नहीं बरती। निकाय चुनाव में महिलाओं की बड़ी भागीदारी को आधी आबादी की संवैधानिक जागरुकता से जोड़ कर देखा गया। सुबह दस बजे तक महिलाओं की उपस्थिति बूथों पर बेहद कम दिखी वहीं धूप निकलते ही बूथों पर महिलाओं की कतारें पुरुषों की तुलना में अधिक लंबी हो गई थीं। मोर्चाघर स्थित पंडित मदन मोहन मालवीय प्राथमिक विद्यालय हो या फिर नगर का इमामबाड़ा इलाका हर तरफ बुर्कानशीं महिलाएं वोट डालने के लिए कतार में खड़ी नजर आईं। विन्ध्याचल, पक्का पोखरा, वासलीगंज आदि इलाकों में घूंघट वाली महिलाएं मताधिकार का प्रयोग करते दिखीं। अधिकांश महिलाएं समूह में बूथों पर पहुंची थीं। सब्जी बेचने वाली महिलाएं हों या फिर घरों में काम करने वाली बाई सभी वोट डालने में पीछे नहीं रहीं। विशुधंपुर जैसे देहाती इलाके में भी महिलाओं की कतार देखने को मिली। कई महिलाओं का नाम वोटर लिस्ट से कट गया था लेकिन वे अपने साथ दूसरों को वोट दिला कर ही लौटीं। गैबी घाट इलाके की प्रीति चौबे का नाम वोटर लिस्ट से कट गया था जिससे वे वोट नहीं डाल सकीं।