हलिया। अंबिका देवी सीनियर सेकेंडरी स्कूल पवारी कला का 22 वां वार्षिकोत्सव मनाया गया। शुभारंभ मुख्य अतिथि इलाहाबाद उच्च न्यायालय के वरिष्ठ अधिवक्ता विनोद कुमार सिंह तथा विशिष्ट अतिथि चतुर्थ वाहिनी पीएसी इलाहाबाद के सेनानायक कविंद्र प्रताप सिंह ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
मुख्य अतिथि विनोद कुमार सिंह ने कहा कि व्यक्ति के चरित्र निर्माण में गुरुजनों के साथ ही माता-पिता को महत्वपूर्ण भूमिका निभानी पड़ती है। उन्होंने स्कूल के संस्थापक पूर्व आईएएस स्व. मानवेंद्र बहादुर सिंह द्वारा हलिया जैसे पिछड़े क्षेत्र में आधुनिक शिक्षा की ज्योति जलाने के लिए किए गए भागीरथ प्रयासों को याद किया। विशिष्ट अतिथि कविंद्र प्रताप सिंह ने शिक्षक, शिक्षार्थी तथा अभिभावकों को संदेश देते हुए कहा कि सभी लोग मिलजुल कर चरित्र निर्माण में योगदान करें। अध्यक्षता कैलाशपति त्रिपाठी ने किया। प्रबंधक तथा हलिया ब्लॉक के पूर्व ब्लॉक प्रमुख ज्ञानेंद्र सिंह ने कहा कि स्कूल की प्रगति के लिए अपने पिता स्व. मानवेंद्र बहादुर सिंह के पद चिन्हों पर निरंतर चलने का कार्य करेंगे। निदेशिका डा. रेखा चौबे ने अतिथियों का आभार प्रकट किया। पूर्व ब्लॉक प्रमुख हलिया अंजली सिंह ने आए हुए अतिथियों को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया। स्कूल के प्रधानाचार्य आरके त्रिपाठी ने वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। संचालन सुधाकर पांडेय ने किया। डॉ. अवधेश सिंह, शिवप्रसाद तिवारी, अभय सिंह, अयोध्या प्रसाद यादव, सुरेंद्र बहादुर सिंह, धर्मेंद्र सिंह, गोविंद यादव उपस्थित रहे।