चुनार। स्वतंत्रता संग्राम सेनानी विश्राम सिंह राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय के सात दिवसीय राष्ट्रीय सेवा योजना के विशेष शिविर का आरंभ शुक्रवार को हुआ। मुख्य अतिथि महाविद्यालय की प्राचार्य ने उसमानपुर स्थित सरस्वती शिशु मंदिर के प्रांगण में स्वामी विवेकानंद के चित्र पर माल्यार्पण व दीप प्रज्ज्वलित कर शिविर का आरंभ किया। इस दौरान विद्यार्थियों को उनके दायित्व का बोध कराया।
मुख्य अतिथि डा. मंजू शर्मा ने राष्ट्रीय सेवा योजना का ध्वजारोहण किया। शिविर में छात्राओं ने सरस्वती गीत, स्वागत गीत के साथ ही लक्ष्य गीत प्रस्तुत किया। पूर्व कार्यक्रम अधिकारी डा. सूबेदार यादव के साथ हम होंगे कामयाब एक दिन मन में है विश्वास पूरा है विश्वास, हम होंगे कामयाब एक दिन की प्रस्तुति बड़े ही मनमोहक तरीके से प्रस्तुत हुई। छात्र- छात्राओं को संबोधित करते हुए प्राचार्य ने कहा कि लोगों को उनके दायित्वों के प्रति जगाना ही राष्ट्रीय सेवा का लक्ष्य है। उन्होंने शिविर के दोनों इकाइयों के छात्र -छात्राओं को सात दिन के विशेष शिविर में बढ़- चढ़कर प्रतिभाग करने के लिए प्रेरित किया। डा. राम निहोर शर्मा, डा. सूबेदार यादव, कुसुमलता, डा. नलिनी सिंह, डा. राजेश कुमार, डा. प्रभात कुमार सिंह, डा. अरविंद कुमार, डा. भास्कर प्रसाद द्विवेदी, डा.आलोक कुमार आदि थे। कार्यक्रम का संचालन डा. माधवी शुक्ला व धन्यवाद ज्ञापन डा. दीप नारायण ने किया।