शेरवां। विकास खंड जमालपुर के राजस्व गांव सेमरा के लोगों को अपने ही घर तक पहुंचने के लिए रास्ता बदलकर जाना पड़ रहा है। गली में रिहायसी मकानों का गंदा पानी गली में जमा होने से लोगों को मुसीबतें झेलनी पड़ रहीं हैं। नाली बनवाने की मांग को लेकर गांव के लोगों ने गुरुवार को ग्राम प्रधान व सेक्रेटरी के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। सेमरां गांव के मुख्य मार्ग पर स्थित शंकर भगवान की मंदिर व ब्रह्म बाबा मंदिर के पास खड़ंजा टूटनेे व नाली जाम होने से मंदिर में पूजा अर्चना के लिए गंदे पानी में पांव रखकर गुजरना पड़ रहा है।
इस संबंध में ग्रामीणों में शामिल सियाराम, मीरा, सीता देवी, गोलू, दशरथ, महेंद्र, रामजनम, गांधी, गिरीश मौर्य आदि का कहना है कि रिहायसी मकानों का गंदा पानी गांव की गली में महीनों से जमा हुआ है। ग्राम प्रधान सोना यादव व सचिव अनिल चंद्र से बार-बार अनुनय व विनय किया गया लेकिन जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं की जा रही है। ग्रामीणों का आरोप है कि गांव के किसी नाली का पानी गांव के बाहर सुरक्षित स्थान पर नहीं जाता जिससे गांव के लोग अक्सर बीमारियों से ग्रसित रहते हैं। नाली निर्माण व जल निकासी के लिए धन स्वीकृत किए जाने की मांग ग्रामीणों ने खंड विकास अधिकारी हेमंत कुमार सिंह से की है। इस संबंध में ग्राम प्रधान सोना यादव का कहना है कि नाली निर्माण व जल निकासी के लिए प्रस्ताव खंड विकास अधिकारी को दिया गया है। धन स्वीकृत होते ही नाली निर्माण व जल निकासी कार्य शुरू कराया जाएगा।