पड़री। फोरलेन के लिए अधिग्रहित जमीन का उचित मुआवजा देने की मांग को लेकर 18 सितंबर से पहाड़ी बाल्क के मोहनपुर भवरखा में चल रहा किसानों का बेमियादी धरना मंगलवार को उपजिलाधिकारी सदर के आश्वासन पर समाप्त हो गया। किसानों के आंदोलन को कई संगठनों के लोगों ने अपना समर्थन दिया था।
जय जवान जय किसान जागरण मंच समिति के अध्यक्ष शारदा प्रसाद मिश्र ने किसानों के हित की बात रखते हुए कहा कि भूमि अधिग्रहण में किसानों की जो जमीन ली जा रही है सकता महंगाई व आज के रेट से काफी कम है। भूमि अधिग्रहण में जिले के उत्तर प्रदेश प्राधिकरण सड़क के नारायनपुर से शक्तिनगर के तर्ज पर किसानों को मुआवजा दिया जाए। अगर किसानों की मांगे न मानी गई तो ना हम जमीन देंगे और ना ही पैसा लेंगे। अपना दल के जिलाध्यक्ष रमाशंकर पटेल ने कहा कि अपना दल हमेश किसानों के लिए आवाज उठाया है। जिलाधिकारी के निर्देश पर मौके पर पहुंचे उपजिलाधिकारी सदर आशुतोष दुबे एवं क्षेत्राधिकारी सदर बृजेश कुमार त्रिपाठी ने किसानों को समझाते हुए कहा कि किसानों की समस्याओं के निराकरण के लिए जिलाधिकारी व सीआरओ से वार्ता की जाएगी जिससे कि किसानों को उचित मुआवजा मिल सके। किसानों ने क्षेत्र के कोटवा, मोहनपुर, भरपुरा, गुरखुली, सिंधौरा, बरजी, हल्का, बौड़री आदि गांवो में कैम्प लगाकर फोरलेन में जा रहे जमीन बावत किसानों की समस्याओं को सुनकर उचित निराकरण कराने की मांग की। इस दौरान साजन पांडेय, देवी सिंह, जिला पंचायत सदस्य शैलेश सिंह, अनूप पटेल, हिमांशु सिंह, अभय सिंह, विपिन सिंह, अंशुमान सिंह, रामकरण सिंह, गुजरात सिंह व रामभजन पटेल आदि मौजूद रहे।