मिर्जापुर। अफसरों की सुस्ती कम होने का नाम नहीं लेे रही है। डीएम के नोटिस देने और जवाब तलब करने का असर भी अफसरों पर नहीं रहा। विकास भवन में बैठने वाले अफसर कुछ दिनों तक तो समय से पहुंचे लेकिन वह फिर पुराने ढर्रे पर लौट आए हैं। बुधवार को अमर उजाला ने पड़ताल की तो पता चला कि सुबह दस बजे तक सीडीओ प्रियंका निरंजन समेत कई अफसर नहीं पहुंचे थे। सीडीओ सुबह दस बजे पहुंचीं और बाकी अफसरों का पहुंचना भी इसके बाद ही शुरू हुआ।
अमर उजाला ने इसके पहले आठ मई को विकास भवन की पड़ताल करते हुए रिपोर्ट प्रकाशित की थी। आठ मई को भी दिन में दस बजे तक कोई अफसर कार्यालय नहीं पहुंचा था। इसके बाद डीएम अनुराग पटेल ने समय ने न पहुंचने वाले अधिकारियों को जवाब तलब कर सीडीओ प्रियंका निरंजन को कार्रवाई करने के लिए निर्देशित किया था। कहा था कि सभी अधिकारी सुबह नौ बजे तक कार्यालय पहुंचे और लोगों की शिकायतें सुनें। सुबह ने वाले फरियादियों को इंतजार न करना पड़े। इसके बाद अधिकारियों ने समय से आना शुरू किया था। समय बीतने के साथ ही अधिकारी फिर पुराने ढर्रे पर लौट आए। बुधवार की सुबह दस बजे तक सीडीओ, जिला विकास अधिकारी मनोज कुमार राय, पीडी डा. हरिचरण सिंह, सहायक संख्या अधिकारी घनश्याम सिंह, उपायुक्त स्वत: रोजगार, महिला सहायता केंद्र, जिला दिव्यांग अधिकारी समेत अफसरों केे कार्यालय में कुंड बंद थी। जब अफसर समय से नहीं पहुंच रहे तो भला कर्मचारी समय से क्यों पहुंचे। ज्यादातर कर्मचारी सुबह दस बजे तक नहीं पहुंचे थे।