दादरकला गांव में स्थापित सौर ऊर्जा प्लांट
मिर्जापुर। छानबे ब्लाक के विजयपुर स्थित दादर कला गांव में 382 एकड़ में 650 करोड़ की लागत से बनकर तैयार सौर ऊर्जा प्लांट में वर्तमान में छह लाख यूनिट बिजली प्रतिदिन पैदा हो रही है। संभावना जताई जा रही है कि इस सौर ऊर्जा प्लांट का शुभारंभ आगामी 12 मार्च को फ्रांस के राष्ट्रपति एमेनुअल मैकरान और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करेंगे। इसको देखते हुए जिला प्रशासन तैयारियों में जुटा है। कार्यदायी संस्था शेष 11 टॉवरों को लगा रही है जबकि पीडब्लूडी हेलीपैड बनाने में जुटा है। इस प्लांट के चालू होने के बाद जनपद सहित प्रदेश के लोगों को बिजली संकट का सामना नहीं करना पड़ेगा।
दादर कला में स्थापित सौर ऊर्जा प्लांट प्रदेश की सबसे बड़ी सौर ऊर्जा परियोजना बताई जा रही है। इसकी स्थापना उत्तर प्रदेश नवीन एवं नवीनीकरण ऊर्जा विकास अभिकरण नेडा और फ्रैंच कंपनी सोलर डायरेक्ट की ओर से की गई है। इस सौर ऊर्जा प्लांट में 75 मेगावाट बिजली पैदा होगी। वर्तमान में प्रतिदिन छह लाख यूनिट बिजली तैयार हो रही है जो आपूर्ति नहीं होने की वजह से नष्ट करनी पड़ रही है। इसे पहले नेशनल ग्रिड से जोड़ा जाएगा। बिजली उत्पादन में प्रति मेगावाट लगभग पांच करोड़ खर्च आने की संभावना है। टॉवर बनने के बाद सोलर प्लांट से जिगना पावर हाउस को सीधे आपूर्ति की जाएगी, जहां से बिजली वितरण अन्य पावर हाउस को किया जाएगा। जिगना पावर हाउस तक बिजली टॉवर पोल बनाने की जिम्मेदारी यूपीपीसीएल को सौंपी गई है। 28 टॉवर बन गए हैं जबकि 11 टॉवर वन भूमि में होने के कारण रुका था। वन विभाग से एनओसी मिलते ही कार्य चालू कर दिया गया है। परियोजना प्रबंधक तुषार कांत मलिक ने बताया कि परियोजना के चालू होने से 75 मेगावाट एसी और 101 मेगावाट डीसी की आपूर्ति होगी। जिलाधिकारी विमल कुमार दुबे और पुलिस अधीक्षक आशीष तिवारी ने गुरुवार को दादर कला में सौर ऊर्जा परियोजना तथा चतुरिया बौड़ाई में निर्माणाधीन टॉवर पोल का निरीक्षण किया था।