मिर्जापुर। शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीईटी) 15 अक्तूबर को दो पालियों में होगी। टीईटी परीक्षा के लिए जिले में नौ परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। परीक्षा का समय ढाई घंटे निर्धारित किया गया है। पहली पाली में प्राथमिक एवं दूसरी पाली में उच्च प्राथमिक स्तर की परीक्षा होगी। दोनों परीक्षाओं में 8716 परीक्षार्थी शामिल होंगे।
टीईटी परीक्षा के लिए जिले में आर्य कन्या इंटर कॉलेज, एएस जुबली इंटर कॉलेज, बसंत इंटर कॉलेज, बीएलजे इंटर कॉलेज, राजस्थान इंटर कॉलेज, जीजीआईसी मुसफ्फरगंज, जीजीआईसी विंध्याचल, राजकीय इंटर कॉलेज महुवरिया और माता प्रसाद माता भीख इंटर कॉलेज को परीक्षा केंद्र बनाया गया है। प्राथमिक स्तर की परीक्षा 15 अक्तूबर को पहली पाली में सुबह 10 से 12.30 बजे तक होगी। वहीं उच्च प्राथमिक स्तर की दूसरी पाली में ढाई बजे से पांच बजे तक होगी। परीक्षा कक्ष में सीसीटीवी से निगरानी की जानी है लेकिन अभी कई केंद्रों पर कैमरे नहीं लगे हैं। जिला विद्यालय निरीक्षक फूलचंद्र यादव ने बताया कि अभ्यर्थियों को इसका विशेष ध्यान रखना होगा कि निर्धारित परीक्षा केंद्रों पर प्रवेश पत्र के साथ आवेदन के साथ दिया फोटोयुक्त पहचान पत्र तथा प्रशिक्षण योग्यता के प्रमाणपत्र, अंतिम निर्गत अंकपत्र की मूल प्रति लेकर आएं। एडीएम वित्त एवं राजस्व विजय बहादुर ने बताया कि परीक्षा शांतिपूर्ण और सकुशल संपन्न कराने के लिए जोनल व सेक्टर मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं।