मिर्जापुर। जिले में गेहूं खरीद ने रफ्तार पकड़ने लगी है। सोमवार को मंडी परिसर स्थित खाद्य विभाग सहित जिले के कलवारी, मुजेहरा, अहरौरा मंडी, चुनार आदि जगहों पर स्थित केंद्रों में गेहूं की खरीद की गई। मवई कला विपणन केंद्र पर डिप्टी आरएमओ धनंजय सिंह ने सोमवार को फीता काटकर गेहूं खरीद का शुभारंभ कराया। इस दौैरान दो किसानों से 130 क्विंटल 50 किलोग्राम गेहूं की खरीद की गई। इनमें से रामगोविंद से 100 क्विंटल तथा हंसराज से 30 क्विंटल 50 किलोग्राम गेहूं की खरीद की गई।
केंद्र प्रभारी नारायण जी दुबे ने बताया कि सोमवार से केंद्र पर गेहूं की खरीद प्रारंभ कर दी गई है। उन्होंने बताया कि 275 किसानों से संपर्क किया जा चुका है। किसानों को टोकन भी वितरित कर दिए गए हैं। डिप्टी आरएमओ ने गर्मी व धूप को देखते हुए केंद्र पर छांव व पीने के पानी की व्यवस्था करने का निर्देश दिया।