जिगना। मिर्जापुर-प्रयागराज मार्ग पर विंध्याचल कोतवाली थाना क्षेत्र के खम्हरिया दमुआन गांव के सामने सोमवार को सुबह आठ बजे अपाचे बाइक की टक्कर से स्कूटी सवार सेवानिवृत्त शिक्षक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में बाइक सवार चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे उपचार के लिए मंडलीय अस्पताल के ट्रामा सेंटर ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर उसे रेफर कर दिया गया। विंध्याचल कोतवाली क्षेत्र के भाऊसिंह का पुरा (अतरैला) गांव निवासी सेवानिवृत्त शिक्षक धीरेंद्र कुमार सिंह (73) सुबह स्कूटी से खम्हरिया दमुआन स्थित दुकान में पेंट खरीदने गए थे। दुकान बंद देख अपनी स्कूटी मोड़ रहे थे कि प्रयागराज से मिर्जापुर की ओर जा रहे तेज रफ्तार अपाचे बाइक चालक ने टक्कर मार दिया। अपाचे की टक्कर से स्कूटी सवार धीरेंद्र कुमार सिंह की मौत हो गई। अपाचे चालक गंभीर रूप से घायल हो गया।
स्थानीय लोगों ने पुलिस और मृतक के परिवार को घटना की सूचना दी। मौत की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मृतक की पत्नी ममता सिंह व परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। धीरेंद्र के एक पुत्र की मौत दो वर्ष पहले हो चुकी है। दो पुत्र पप्पू सिंह व पंकज सिंह हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। उधर, गंभीर रूप से घायल अपाचे बाइक सवार को एंबुलेंस से उपचार के लिए मंडलीय अस्पताल के ट्रामा सेंटर भेजवाया गया। जहां से उसे बीएचयू रेफर कर दिया गया। विंध्याचल कोतवाली थानाध्यक्ष अतुल कुमार राय ने बताया कि सड़क दुर्घटना में स्कूटी सवार सेवानिवृत्त शिक्षक की मौत हुई है। बाइक सवार घायल है।