मिर्जापुर। नगर पालिका परिषद मिर्जापुर के अध्यक्ष मनोज जायसवाल का कार्यकाल एक वर्ष पूूर्ण होने के उपलक्ष्य में बुधवार को घंटाघर मैदान में एक साल बेमिसाल कार्यक्रम का आयोजन किया गया। स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत आयोजित नुक्कड़ नाटक के माध्यम से लोगों को जागरूक किया गया। इस दौरान नागरिकों को नगर पालिका द्वारा कराए गए विकास कार्यों की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि राज्यसभा सांसद रामसकल ने माल्यार्पण व दीप जलाकर किया। कार्यक्रम में पालिका द्वारा एक वर्ष में कराए गए विकास कार्यों से संबंधित एक साल बेमिसाल नामक पुस्तक का विमोचन किया गया। इसके पूर्व सुंदर मुंदर जायसवाल बालिका इंटर कालेज की छात्राओं ने वंदना गीत व स्वागत गीत प्रस्तुत कर अतिथियों का स्वागत किया। इस दौरान मंच पर एक सुझाव पेटिका रखी गई और उपस्थित लोगों ने अपना सुझाव भी पेटिका में प्रेषित किया। मनोज जायसवाल ने कहा कि यह पेटिका प्रधान कार्यालय पर प्रतिदिन रखी रहेगी जिससे लोग अपना सुझाव प्रेषित कर सकें और उनके समस्या व सुझाव पर अमल किया जा सके। कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि लोक निर्माण मंत्री सरजीत सिंह डंग, त्रिलोकीनाथ पुरवार, पूर्व एमएलसी विनीत सिंह रहे। इस अवसर पर अतिथियों ने अपने-अपने विचार व्यक्त किए।