जिगना। छानबे क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय डेरवा द्वितीय में कई दिन से शिक्षक नहीं आ रहे है, जिससे पठन पाठन प्रभावित होने से अभिभावकों में काफी रोष व्याप्त है। मंगलवार को भी स्कूल पर सिर्फ रसोइया ही मौके पर मौजूद मिली। साढ़े दस बजे तक स्कूल पर कुछ बच्चों के अभिभावक पहुंच कर बीआरसी पर शिकायत दर्ज कराई। अभिभावक राज कुमार, कल्लू, रीमा देवी, अनिल कुमार, रमेश कुमार, कमलावती व सुरेश ने कहा कि स्कूल प्राय: बंद रहता है। कभी खुलता भी है तो अध्यापिका काफी विलंब से आती हैं। खंड शिक्षा अधिकारी प्रभाशंकर पांडेय ने बताया कि एक ही शिक्षिका है, जो दो दिन से अवकाश पर है। उन्होंने कहा कि अभिभावकों से मिली इस शिकायत पर एक शिक्षा मित्र को वहां भेजा गया है।