महान दल के सम्मेलन में मौजूद पदाधिकारी
मिर्जापुर। सत्ता में आने के बाद भाजपा मुद्दे भूल जाती है। भाजपा ने अच्छे दिनों और काला धन वापस लाने का का सपना दिखाया था लेकिन ऐसा कुछ भी नहीं हुआ। ये बातें सिटी क्लब के मैदान पर शनिवार को आयोजित महान दल के सम्मेलन में राष्ट्रीय अध्यक्ष केशव देव मौर्य ने कहीं।
उन्होंने कहा कि मौर्य समाज को हक के लिए सम्राट अशोक के सिद्धांतों पर एकजुट होकर चलना होगा। कहा कि सरकार मुसलमान महिलाओं को मजबूत बनाने के लिए तीन तलाक पर पैसा खर्च कर रही है लेकिन ऐसा कोई कानून नहीं बना रही है कि हिंदू समाज मजबूत हो सके। प्रदेश अध्यक्ष शिवकुमार यादव तथा महासचिव सुनीता कुमार सिंह ने कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था पूरी तरह से चरमरा गई है। हत्या, लूट, डकैती, छिनैती जैसी घटनाओं का बोल बाला है, जिससे जनता भयभीत व परेशान है। प्रदेश सरकार में न्याय मिलने की कोई उम्मीद नहीं है। सत्ता के सह पर गुंडे व भूमाफिया गरीबों व असहायों के जमीनों पर कब्जा कर रहे हैं। कहा कि महान दल का सरकार आया तो संख्या के आधार पर लोगों को उनका अधिकार दिया जाएगा। जिला प्रभारी अंगद मौर्य व जिलाध्यक्ष रमेश कुमार मौर्य ने कहा कि महान दल समाज को हक व अधिकार दिलाना चाहता है। कहा कि महान दल विधान सभाओं को 25 सेक्टर में बांटकर 50 प्रभारी नियुक्त कर रहा है, जो चुनाव में टिकट वितरण का काम करेंगे। इनके रिपोर्ट पर ही राष्ट्रीय कमेटी फैसला लेगी। सम्मेलन में प्रदेश उपाध्यक्ष गजेंद्र शाक्य, उपाध्यक्ष बृजमोहन कुशवाहा, कृपाशंकर मौर्य, कमलेश सोनकर, कृष्णदास, राजेंद्र प्रसाद मौर्य, रामराज मौर्य, लाल बहादुर मौर्य, प्रदीप मौर्य, लालता प्रसाद मौर्य, सुशील कुमार मौर्य आदि शामिल रहे।