मिर्जापुर। शहर कोतवाली क्षेत्र के गोसाई तालाब मोहल्ला स्थित एक लॉज में आई बारात के दौरान मंगलवार की रात बारातियों द्वारा मोहल्ले के एक युवक को पीटने पर मोहल्लेवासी आग बबूला हो गए। नाराज लोगों ने लॉज को घेर लिया और अंदर घुस कर तोड़फोड़ करना शुरू कर दिया। आरोपियों को पीटने के लिए खोजने लगे। स्थिति तनाव पूर्ण देख लोगों ने तत्काल मामले से पुलिस को अवगत कराया। जानकारी होते ही कोतवाल रमेश यादव फोर्स के साथ पहुंचे और लोगों को समझा बुझा कर मामले को शांत कराया।
नगर के पक्का पोखरा मोहल्ला निवासी एक व्यक्ति के बेटी की बारात जौनपुर जनपद से मंगलवार की रात आई थी। रात करीब साढ़े दस बजे कुछ लोग बारात गाड़ी लेकर मैरेज हाल पर आ रहे थे। इसी दौरान रास्ते से जा रहे एक युवक को टक्कर मार दिया। इसी बात को लेकर बारातियों एवं युवक के बीच विवाद हो गया। मामला बढ़ने पर बारातियों ने युवक की पिटाई कर दी। घायल युवक ने मोहल्ले के लोगों को घटना से अवगत कराया तो सभी आग बबूला हो गए। भारी संख्या में पहुंच कर लोगों ने मैरेज हाल को घेर लिया। कुछ लोग आरोपियों को पीटने के लिए तलाश करने लगे। काफी खोजबीन करने के बावजूद आरोपी नहीं मिले तो तोड़फोड़ करना शुरू कर दिया। कुर्सियां भी उठा कर फेंकने लगे। इससे लॉज में अफरा तफरी मच गई। लोग इधर उधर भागने लगे। स्थिति बिगड़ते देख लोगों ने पुलिस को सूचना देना मुनासिब समझा। सूचना मिलते ही शहर कोतवाल फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे तोडफोड़ कर रहे लोग वहां से भाग निकले। कोतवाल ने दोनों पक्षों को शांति पूर्ण तरीके से कार्यक्रम आयोजित करने को कहा। नहीं मानने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी देते हुए मामला शांत कराया।
चालक पीटने पर लगा जाम
नगर के तहसील चौराहे पर एक बारात को ले जाने को लेकर मंगलवार की रात बारातियों एवं बोलेरो चालक में विवाद हो गया। मामला बढ़ने पर बारातियों ने बोलेरो चालक की पिटाई कर दी। घटना से नाराज चालक ने चौराहे पर गाड़ी खड़ी कर दी। जिससे करीब तीन घंटे तक कचहरी शुक्लहा रोड रहा जाम। मौके पर पहुंचे प्रतिसार निरीक्षक इंद्रनाथ तिवारी ने चालक को समझा बुझा कर जाम समाप्त कराया।