विंध्याचल। चार दिवसीय कंतित शरीफ का सालाना उर्स बुधवार से शुरू हो गया। मंगलवार की शाम तक मेले की सारी तैयारियां पूरी कर ली गई थी। जगमग रोशनी से पूरा मेला परिसर नहाया नजर आ रहा था। बुधवार को मिर्जापुर के कसेरा परिवार की ओर से बाबा के मजार पर चादर पोशी के उपरांत चार दिवसीय उर्स का आगाज किया गया।
माँ विंध्यवासिनी मंदिर परिसर से करीब एक किलोमीटर दूर स्थित कंतित में कंतित शरीफ का सालाना उर्स बुधवार से शुरू हो गया। कंतित शरीफ के मजार पर विशाल मेला सजकर तैयार हो गया है। मेला परिसर में तरह-तरह की खान-पान की दुकानों सहित बच्चों के खिलौने, तरह-तरह के झूले और मनोरंजन के साधनों का बेहतर इंतजाम कराया गया है। सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस प्रशासन की तरफ से पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। मेला परिसर में साफ-सफाई के साथ ही जायरीनों के लिए पेयजल, ठहरने की व्यवस्था एवं शौचालयों का भी उचित इंतजाम किया गया है। मेला परिसर में चोर उचक्कों पर निगरानी रखने के लिए सिविल ड्रेस में पुलिस के जवान चौकन्ना नजर आएंगे। कंतित शरीफ के चार दिवसीय उर्स मेले में लगे झूले लोगों के बीच आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। हवाई झूला, मौत का कुआं, वाटर बोट, बास्केट झूला, ट्रेन झूला सहित कई प्रकार के झूले बच्चों सहित बड़ों को रिझाने में कोई कोर कसर नहीं छोड़ रहे हैं। मेले में तरह-तरह की खान-पान की दुकानें भी लगाई गई है। विगत 10 दिनों से चल रही मेले की तैयारी मंगलवार की शाम तक पूरी करा ली गई है उधर जिला प्रशासन की तरफ से भी सुरक्षा व्यवस्था सहित अन्य अधिकारियों को भी मेले में तैनाती करा दी गई है।