मिर्जापुर। महाहड़ताल व कार्य बहिष्कार के चलते आंदोलनकारी शिक्षकों व कर्मचारियों पर प्रशासन ने निगाहें तिरछी कर ली हैं। बुधवार को हड़ताल में शामिल 367 कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की गई है। किसी से स्पष्टीकरण मांगा गया है तो किसी का वेतन रोका गया है। कई के खिलाफ कार्रवाई की संस्तुति की गई है।
एडीएम भू राजस्व एमए अंसारी ने बताया कि जिले में कर्मचारियों की अनुमानित संख्या 11 हजार आठ सौ 35 है। इनमें से हड़ताल पर 446 कर्मचारी रहे। इसमें से सिंचाई विभाग के 72 कर्मचारियों से स्पष्टीकरण मांगा गया है। शिक्षा विभाग के ढाई सौ कर्मचारियों का एक दिन का वेतन अदेय किया गया और लोक निर्माण विभाग के 45 अवर अभियंताओं के लिए मुख्य अभियंता से कार्रवाई की संस्तुति की गई।