मिर्जापुर। सिटी विकास खंड के मगरदाकला स्थित प्राथमिक एवं पूर्व माध्यमिक विद्यालय में जीर्ण-शीर्ण शौचालयों पर एडीओ पंचायत सिटी ने नाराजगी जताई। उन्होंने ग्राम प्रधान से तत्काल शौचालयों के मरम्मत कराए जाने के साथ ही गेट बनवाए जाने के निर्देश दिए।
एडीओ पंचायत सिटी प्रदीप कुमार सिंह ने शुक्रवार को मगरदाकला गांव का निरीक्षण किया। जहां उन्होंने ग्राम पंचायत में बने शौचालयों पर नजर रखी वहीं वे प्राथमिक एवं पूर्व माध्यमिक विद्यालय पहुंचे। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विद्यालय का गेट शौचालय का दरवाजा टूटा हुआ पाया। जिससे कुछ शौचालयों में गंदगी व्याप्त रही। ग्राम प्रधान केशव प्रसाद प्रजापति के अलावा मौजूद ग्रामीणों ने बताया कि शरारती तत्वों के कारण विद्यालय की यह दशा प्राप्त है। एडीओ पंचायत ने ग्राम प्रधान से चिह्नित शरारती तत्वों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराए जाने का निर्देश देते हुए तत्काल मरम्मत कराए जाने के निर्देश दिए। स्कूल निरीक्षण के दौरान एडीओ पंचायत ने जहां बच्चों को स्वच्छता का पाठ पढ़ाया वहीं ग्रामीणों से शौचालय का प्रयोग किए जाने का आवाह्न किया। इस अवसर पर ग्राम प्रधान केशव प्रसाद प्रजापति, ग्राम रोजगार सेवक समेत ग्रामीण मौजूद रहे।