कछवां(मिर्जापुर)। आदर्श नगर पंचायत की टंकी से पानी सप्लाई पंद्रह दिनों से बंद होने से पानी को लेकर नगरवासियों को परेशान होना पड़ रहा है। पखवाड़े भर से परेशान लोगों की कोई सुनने वाला नहीं। जिम्मेदार अधिकारी भी इस मामले में चुप्पी साधे हुए हैं। शिकायत के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हो रही है।
आक्रोशित नगरवासी आंदोलन की रणनीति बना रहे हैं। नगर में पानी की आपूर्ति के लिए दो बड़ी-बड़ी पानी की टंकियां बनी हुई हैं तथा कई वार्डों में सीधे बोरवेल से पानी सप्लाई की व्यवस्था है। लेकिन बोरवेल्स में लगे सप्लाई पाईप फट जाने से पानी सप्लाई नहीं हो पा रही है। नगर में उपलब्ध दो पानी टंकियों में से केवल एक टंकी से ही पानी की सप्लाई हो रही है। उस टंकी में भी बोरवेल के माध्यम से पानी नहीं भरने के कारण पानी सप्लाई नहीं हो रही है। इससे आक्रोशित नगरवासी अब आंदोलन की रणनीति बना रहे हैं। नगरवासियों ने कई बार अधिकारियों तक अपनी समस्या पहुंचाई लेकिन नगर पंचायत के किसी अधिकारी ने उनकी मांग नहीं सुनी। अधिशासी अधिकारी विनीत कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि पानी की सप्लाई का पाइप बन गया है। एक दिन पकने में लगेगा इसके बाद पानी सप्लाई शुरू कर दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि तब तक टैंकर से पानी सप्लाई किया जा रहा है।