ड्रमंडगंज। हलिया विकास खंड के अदवा नदी के टीले पर स्थित शिवमंदिर तक पहुंचने के लिए लाखों रुपये से निर्मित नवनिर्मित रपटा आई बाढ़ के चलते क्षतिग्रस्त हो गया। इसके चलते मंदिर तक आने वाले श्रद्धालुओं को मुसीबतों का सामना करना पड़ रहा है।
बताते चले की अदवा नदी के सोठिया कला से जाने वाले भक्तों के सुविधा के लिए वर्षों से रपटे का निर्माण एक कार्यदायी संस्था द्वारा कराया जा रहा है। घटिया निर्माण के चलते रपटा एक बाढ़ नहीं झेल पाया और क्षतिग्रस्त हो गया। जिससे मंदिर की तरफ आने व जाने वाले श्रद्घालुओं को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। रपटा निर्माण में घटिया किस्म के मैटेरियल का प्रयोग किए जाने की बातें उजागर हो रही हैं। जबकि सावन के महिने में जनपद के विभिन्न कोने से भारी भक्तों के साथ ही स्थानीय श्रद्घालुओं का मंदिर पर दर्शन व पूजन के लिए तांता लगा रहता है। प्रत्येक त्रयोदशी के दिन यहां आने वाले भक्तों के भारी भीड़ को देखते हुए जिला पंचायत द्वारा रपटे का निर्माण कराया जा रहा था। रपटा दो माह पूर्व ही बनकर तैयार हो गया था। एक सप्ताह पूर्व अदवा नदी में पानी बढ़ने के कारण मंदिर के उत्तरी छोर पर बना रपटा पानी में बह गया जिससे दर्शन व पूजन के लिए आने वाले श्रद्घालुओं को परेशानियो का सामना करना पड़ रहा है। इस संबंध में बरडीहा कला ग्राम प्रधान अरुण कुमार सिंह के अलावा ग्रामीणों में रामचंद्र मौर्य, गंगाराम सिंह पटेल, रामकृष्ण मौर्य, राममनी मौर्य, विजय कुमार मौर्य, लल्लू मौर्य, अमीन सिंह, आदि का कहना है कि रपटा टुटने के कारण दस किलोमीटर का चक्कर लगा हलिया होते हुए कोटार शिव मंदिर तक पहुंच रहे हैं।