हलिया। बरौधा गांव के किसानों ने शुक्रवार को एसडीएम लालगंज अरविंद चौहान को पत्रक सौंपकर छुट्टा पशुओं से निजात दिलाने की मांग की। कहा कि छुुट्टा पशु फसलों को नष्ट कर रहे हैं। ऐसे में पशुओं से नष्ट फसल का फसल बीमा का लाभ दिलाई जाए।
किसान मजदूर संघर्ष मोर्चा के अध्यक्ष प्रेमप्रकाश मिश्र ने पत्रक में कहा है कि बड़ी संख्या में छुट्टा पशु बरौधा, कठार, परसिया गोकुल, परसिया राजा, महराजगंज, खैराभभूता तथा महुअट में फसलों को नुकसान पहुंच रहे हैं। यहां के किसान तीन वर्षों से ठीक से खेती नहीं कर पा रहे हैं। इन गांवों में हजारों बीघा कृषि भूमि परती पड़ी हुई है। किसानों ने कहा कि केसीसी ऋण लेते समय फसल बीमा की अतिरिक्त किस्त देने के बावजूद किसानों को बैंक से फसल बीमा का लाभ नहीं मिल रहा है। ऐसे में छुट्टा पशु, प्राकृतिक सूखा तथा सिंचाई की कमी सहित बैंकों की अपेक्षा के कारण किसानों की माली हालत गंभीर होती जा रही है। किसानों ने सर्वे कराकर सूखा राहत तथा फसल बीमा सहित छुट्टा पशुओं से निजात दिलाने की मांग की है। पत्रक सौंपने वालों में नागेश्वर पांडेय, सुनील कुमार मिश्र तथा पंकज आदि मौजूद रहे।