मिर्जापुर। जिलाधिकारी अनुुराग पटेल के निर्देश पर टीमों ने चारों तहसीलों में उर्वरक की दुकानों का औचक निरीक्षण किया। जंगी रोड स्थित अजय कुमार एंड कंपनी में कागजात का रखरखाव उचित ढंग से नही मिलने पर लाइसेंस निलंबित कर दिया। अभियान के तहत 72 दुकानों का निरीक्षण किया गया, जिसमें 28 दुकानों से उर्वरक के नमूने लिए गए।
शासन के निर्देश पर जिलाधिकारी द्वारा जनपद में उर्वरक की दुकानों की औचक जांच गुरूवार को कराया। इसके लिए जिलाधिकारी द्वारा तहसीलवार चार टीमों का गठन किया था। जिसमें से पहली टीम में उप निदेशक कृषि डा. अशोक उपाध्याय और सहायक निदेशक मत्स्य मुकेश सारंग को सदर तहसील, दूसरी टीम में जिला कृषि अधिकारी पवन कुमार प्रजापति और एआर कोआपरेटिव रत्नाकर सिंह को मड़िहान तहसील, तीसरी टीम में भूमि संरक्षण अधिकारी जीत लाल गुप्ता और जिला प्रबंधक पीसीएफ हरेंद्र यादव को लालगंज तहसील तथा चौथी टीम में उप संभागीय कृषि प्रसार अधिकारी चुनार स्वाति आहूजा और जिला उद्यान अधिकारी मेवा राम को चुनार तहसील में निरीक्षण की जिम्मेदारी सौंपा था। चारों टीमों द्वारा गुरूवार को उर्वरक की दुकानों पर औचक छापेमारी किया गया। निरीक्षण के दौरान उप कृषि निदेशक डा. अशोक उपाध्याय द्वारा 10 उर्वरकों का नमूना लिया गया। उन्होंने जंगी रोड स्थित अजय कुमार एंड कंपनी का कागजात का रखरखाव उचित ढंग से नही मिलने पर लाइसेंस निलंबित कर दिया। लल्लन मौर्य खाद भंडार द्वारा लाइसेंस नही दिखाने पर मुहकुंचवा के दुकान पर उर्वरक की बिक्री प्रतिबंधित कर दिया। इनके पास से 60 बोरी डीएपी, 10 बोरी यूरिया और 10 बोरी पोटाश मिला। जिला कृषि अधिकारी पवन कुमार प्रजापति ने आरएन खाद भंडार भांवा मड़िहान में निरीक्षण किया।