नरायनपुर। नेशनल हाईवे-7 पर फोर लेन मार्ग निर्माण में उचित मुआवजा को लेकर चल रहे धरना के छठवें दिन रविवार को भूस्वामियों व किसानों ने चेतावनी दी कि 17 जुलाई तक सुनवाई नहीं हुई तो 18 जुलाई से धरना प्रदर्शन कियगा जाएगा। राष्ट्रीय महासचिव भाकियू टिकैत गुट युद्धवीर सिंह ने कहा सरकार किसानों की जमीन मनमानी दर पर छीनना चाहती है, जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह मातृभूमि की लड़ाई है, संघर्ष में ही जीत होगी।
राष्ट्रीय महासचिव ने कहा कि कहा कि हाइवे व राजस्व के अधिकारी कर्मचारी धन उगाही को लेकर भूस्वामियों व किसानो के पुराने निर्माण को नया निर्माण साबित करने में लगे हुए हैं। जिसे कत्तई सफल नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि यदि कुर्बानी भी देनी पड़े तो हम पीछे नहीं हटेंगे। उन्होंने कहा कि भूमि के मुआवजा में भी मनमानी कर आर्बिटेशन की राय देकर किसानों व भू स्वामियों को लूटने को प्रयासरत हैं। प्रदेश अध्यक्ष राजबीर जादौन ने कहा कि हमारा सिपाही टोपी लगा कर जहां खड़ा रहता है वहा पूरा संगठन खड़ा रहता है। संविधान की कसम लेने वाले सबसे पहले वही उल्लंघन करता है। कहा कि हम विकास के विरोधी नहीं हैं । कानून में रह कर अधिकारों की लड़ाई हम लड़ते हैं। ग्राम प्रधान गजानन्द सिंह व कल्लू खान ने कहा हमारे गांव के किसान नोटिस लेने के बाद भी मुआवजा लेने नहीं जाएंगे। सर्किल रेट पर पुन: मुआवजा बनाए जाने पर ही स्वीकार किया जायेगा। धरना का नेतृत्व कर रहे माता प्रसाद पटेल ने चेतावनी देते हुए कहा कि 17 जुलाई तक कोई हल नहीं निकाला गया तो 18 जुलाई से भूस्वामी व किसान आन्दोलन तेज करते हुए सड़क पर उतरेंगे। प्रधान संजय सिंह ने कहा कि सैकड़ों लोगो के मकान को नया बताकर धन उगाही का दबाव बनाया जा रहा है। उक्त अवसर पर सच्चिदानंद ओझा, प्रहलाद सिंह, सिद्धनाथ सिंह ,मुस्तफा खान, देवशंकर यादव, रामजी यादव, हनीफ खान ,जवाहिर यादव , सीए अरुण सिंह अलाउद्दीन हासमी आदि तमाम लोग धरना में बैठे थे।