मिर्जापुर। जनपद न्यायालय परिसर में शनिवार को आयोजित राष्ट्रीय लोक अदालत में चिह्नित 6055 मामलों का जहां निस्तारण कराया गया, वहीं 02.75 लाख जुर्माना वसूल किया गया। साथ ही सुलह समझौता के आधार पर 26 मोटर दुर्घटनाग्रस्त मुकदमों का निस्तारण करते हुए मृतक और घायल परिवारों को 87 लाख 55 हजार का चेक बीमा कंपनियों से प्रतिकर के रूप में दिलाया गया।
राष्ट्रीय लोक अदालत का शुभारंभ जनपद न्यायाधीश नवीन श्रीवास्तव ने किया। जिला जज ने खुद 8 मोटर दुर्घटना प्रतिकर वादों और अन्य 14 वादों का सुलह समझौते के आधार पर निस्तारण करते हुए 26.69 लाख मृतक और घायल के परिवारवालों को प्रतिकर चेक दिलाकर राहत प्रदान किया। इसके अलावा, अन्य न्यायाधीशों ने आए फरियादियों को राहत पहुंचाई। आयोजित राष्ट्रीय लोक अदालत में राजस्व वादों का निस्ताण किया गया। इस मौके पर सिटी मजिस्ट्रेट, समस्त उपजिलाधिकारियों और तहसीलदारों के साथ नायब तहसीलदारों ने 1462 वादों का निस्तारण किया। इस अवसर पर नगर पालिका परिषद ने भी 2692 मामलों का निस्तारण किया। इस आयोजन में अपर सिविल जज जूडि. सुमित कुमार, राहुल, दीपक श्रीवास्तव समेत समस्त न्यायिक कर्मचारीगण मौजूद रहे।