मिर्जापुर। गांधी जयंती से दो दिवसीय चिकित्सा शिविर का आयोजन मंडलीय अस्पताल में किया जा रहा है। इसमें नई दिल्ली से आई 26 चिकित्सकों की टीम मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण करेगी। यह जानकारी केंद्रीय स्वास्थ्य व परिवार कल्याण राज्यमंत्री अनुप्रिया पटेल ने रविवार को कैंप कार्यालय में पत्रकारों को दी।
उन्होंने बताया कि जिले में बेहतर इलाज के लिए विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम दो और तीन अक्टूबर को मंडलीय अस्पताल में मरीजों का परीक्षण करेगी। आर्गेनाइजेशन ऑफ फार्मास्यूटिकल प्रोड्यूसर और इंडिया ओपीपीआई और सर्वोदय अस्पताल एवं रिसर्च सेंटर फरीदाबाद की ओर से आयोजित इस शिविर में थायरायड, मधुमेह, हीमोग्लोबिन, तंत्रिका तंत्र, चर्म रोग और कैंसर संबंधी बीमारियों की जांच व इलाज होगा। स्वास्थ्य शिविर का शुभारंभ सोमवार की सुबह नौ बजे होगा। नौ से चार बजे तक मरीजों का परीक्षण किया जाएगा। सीएमओ डा. उमेश यादव ने रविवार को मंडलीय चिकित्सालय का निरीक्षण कर शिविर की तैयारियों का जायजा लिया।
उन्होंने बताया कि तमिलनाडु में13 से 16 अक्टूबर के बीच आयोजित अंर्तराष्ट्रीय विज्ञान उत्सव में जिले से पांच बाल विज्ञानी शिरकत करेंगे। वहां छात्रों को विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी की जानकारी दी जाएगी। इसमें प्रतिभाग के लिए सांसद की ओर से बाल विज्ञानी निखिल गुप्ता, रोहित कनौजिया, सूरज बाबू पटेल, सत्य प्रकाश मौर्य, संस्कार सिंह आदि बच्चों और शिक्षक गिरीश चंद्र सिंह का चयन किया गया है।
नवरात्र बनेगा राजकीय मेला
मिर्जापुर। केंद्रीय स्वास्थ्य व परिवार कल्याण राज्यमंत्री अनुप्रिया पटेल ने बताया कि विंध्याचल में लगने वाला नवरात्र मेला जल्द ही राजकीय मेला बनेगा। इसके लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ से वार्ता हुई। आगामी नवरात्र तक इसे राजकीय मेला घोषित का आश्वासन मुख्यमंत्री ने दिया है।