मिर्जापुर। नक्सल क्षेत्र के युवाओं को आत्मनिर्भर एवं स्वावलंबी बनाये जाने के लिए मंगलवार को पुलिस लाइन के मनोरंजन कक्ष में 300 युवाओं का साक्षात्कार लिया गया। चयनित 150 युवाओं को नक्सल क्षेत्र के विकास के लिए कार्य करने वाली संस्था द्वारा तीन माह का प्रशिक्षण दिया जाएगा।
पुलिस अधीक्षक आशीष तिवारी के निर्देशन में नक्सल क्षेत्र के लोगों को मुख्य धारा से जोड़ने एवं उनके विकास हेतु लगातार किये जा रहे प्रयासों के क्रम में जनपद के नक्सल प्रभावित क्षेत्र के युवक, युवतियों को स्वावलंबी, आत्मनिर्भर एवं आर्थिक रूप से मजबूत बनाये जाने के के लिए अपर पुलिस अधीक्षक आपरेशन के सहयोग से मंगलवार को पुलिस लाइन स्थित मनोरंजन कक्ष में 300 युवाओं का साक्षात्कार लिया गया जिसमें से 150 युवाओं का चयन तकनीकी प्रशिक्षण हेतु चयनित किया गया। चयनित युवाओं को नक्सल क्षेत्र के विकास हेतु कार्य करने वाली संस्था द्वारा तीन माह का तकनीकी प्रशिक्षण दिया जाएगा। इस दौरान उनके रहने, खाने की सुविधा निशुल्क होगी एवं प्रशिक्षण के दौरान उन्हें कोई मानदेय नहीं दिया जाएगा। प्रशिक्षण के बाद विभिन्न प्राइवेट कंपनियों में उनका प्लेसमेंट कराया जाएगा। इन 150 युवाओं का प्रशिक्षण पूरा हो जाने के बाद फिर से साक्षात्कार लेकर 150 युवाओं का चयन प्रशिक्षण के लिए किया जाएगा। इस तरह नक्सल क्षेत्र के विकास के लिए यह प्रक्रिया चलती रहेगी। साक्षात्कार के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक, आपरेशन हफीजुर्रहमान, प्रभारी नक्सल सेल, नक्सल क्षेत्र के थाना प्रभारी के साथ ही प्रशिक्षण देने वाली संस्था के पदाधिकारी उपस्थित रहे।